नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । हाल ही में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट अचानक ब्लॉक हो गया था। करीब 16 घंटे बाद उनका पेज फिर से सक्रिय कर दिया गया। इस बीच सवाल उठता है कि क्या कोई भी आपका फेसबुक अकाउंट बंद करवा सकता है? और इसके लिए शिकायत कहां करनी होती है? आइए जानते हैं इसके बारे में।
फेसबुक अकाउंट क्यों बंद होता है?
आपकी सहमति के बिना किसी के लिए भी आपका फेसबुक अकाउंट बंद कराना आमतौर पर मुश्किल है। लेकिन फेसबुक की अपनी सख्त कम्युनिटी गाइडलाइंस होती हैं, जिनका उल्लंघन होने पर कार्रवाई होती है। फेसबुक यूजर्स को नकली पहचान, उत्पीड़न, अभद्र भाषा और प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग से बचाने के लिए ये नियम बनाए गए हैं। अगर कोई अकाउंट इन नीतियों का उल्लंघन करता है, तभी फेसबुक कार्रवाई करता है। गलती से कोई पोस्ट कम्युनिटी गाइडलाइंस का उल्लंघन करे तो फेसबुक पहले नोटिस भेजता है, ताकि आप उसे हटा सकें। बार-बार ऐसा होने पर फेसबुक आपके अकाउंट को बैन कर सकता है।
अकाउंट बंद करने की स्थिति
फेसबुक कुछ खास परिस्थितियों में किसी भी अकाउंट को निलंबित या स्थाई रूप से बंद कर सकता है। सबसे आम वजह नकली पहचान बनाना है, जहां कोई व्यक्ति दूसरे का नाम, फोटो या निजी जानकारी इस्तेमाल करके झूठी पहचान बनाता है। इसके अलावा, अगर कोई अकाउंट फेसबुक की नीतियों का उल्लंघन करते हुए उत्पीड़न, धमकाने या परेशान करने में शामिल होता है, तो उसे भी ब्लॉक किया जा सकता है। अभद्र भाषा, हिंसा भड़काने वाली या जाति, धर्म, लिंग के आधार पर भेदभाव फैलाने वाली पोस्ट की वजह से भी अकाउंट बंद हो सकता है।
किसी परेशान करने वाले अकाउंट की रिपोर्ट कैसे करें ?
अगर आपको फेसबुक पर कोई ऐसा अकाउंट दिखे जो फेसबुक की नीतियों का उल्लंघन कर रहा है, तो आप उसे रिपोर्ट कर सकते हैं।
– सबसे पहले उस अकाउंट की प्रोफाइल पर जाएं।
– प्रोफाइल पर ऊपर तीन डॉट्स (···) पर क्लिक करें।
– वहाँ आपको “रिपोर्ट” (Report) का विकल्प दिखेगा, उस पर क्लिक करें।
– अब आपको रिपोर्ट करने का कारण चुनना होगा, जैसे नकली पहचान, उत्पीड़न, या अन्य किसी उल्लंघन का मामला।
फेसबुक, नकली पहचान के मामले में आपकी शिकायत पर कार्रवाई करने से पहले आपकी पहचान की पुष्टि के लिए पहचान दस्तावेज मांग सकता है। इस तरह से आप फेसबुक पर नियमों का उल्लंघन करने वाले अकाउंट की शिकायत कर सकते हैं।
कानूनी उपाय और साइबर शिकायतें
अगर फेसबुक पर आपकी पहचान चोरी, धमकियां, या अन्य गंभीर मामलों का सामना करना पड़ रहा है, तो आप कानूनी कदम उठा सकते हैं। राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। इसके अलावा अपने क्षेत्र के स्थानीय साइबर अपराध पुलिस थाने में जाकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।




