नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारतीय डाक विभाग डाक सेवाओं के अलावा कई तरह की बचत स्कीम भी चलाता है। जो पोस्ट ऑफिस के माध्यम से संचालित होती है। यहां निवेश करने के लिए कई तरह की स्कीम हैं। इन स्कीम में आप निवेश करके काफी अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। यहां पर आप न केवल सेविंग अकाउंट खोल सकते हैं, बल्कि फिक्स्ड डिपॉजिट (FD), रिकरिंग डिपॉजिट (RD), सुकन्या समृद्धि योजना, किसान विकास पत्र (KVP), और पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) जैसी योजनाओं में भी निवेश कर सकते हैं। आइये जानते हैं कि अगर आप पोस्ट ऑफिस में हर महीने 3000 रुपये जमा करते हैं, तो 5 साल बाद आपको कुल कितना रिटर्न मिल सकता है।
बचत खाते पर मिल रहा 4% सालाना ब्याज
अगर आप छोटे निवेश से बड़ा फंड बनाना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की सेविंग स्कीम्स एक बेहतरीन विकल्प हैं। डाकघर के बचत खाते पर वर्तमान में 4% सालाना ब्याज मिल रहा है। अगर आप इसमें एक बार 3000 रुपये जमा कर देते हैं और उसे 5 साल तक यूं ही छोड़ देते हैं, तो ब्याज सहित आपकी रकम बढ़कर 3660 रुपये हो जाएगी। यानी 5 साल में कुल 660 रुपये का ब्याज मिलेगा। वहीं, अगर आप 3000 रुपये पोस्ट ऑफिस की 5 साल की TD स्कीम में लगाते हैं, जिस पर इस समय 7.5% सालाना ब्याज मिल रहा है, तो 5 साल बाद आपको कुल 4349 रुपये मिलेंगे। इसमें 1349 रुपये का ब्याज शामिल है।
पोस्ट ऑफिस की MIS पर 7.4% ब्याज
अगर आप चाहते हैं कि आपकी जमा राशि से हर महीने एक छोटी लेकिन स्थिर आमदनी होती रहे, तो पोस्ट ऑफिस की मंथली इनकम स्कीम (MIS) आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकती है। इस योजना में फिलहाल 7.4% सालाना ब्याज दिया जा रहा है और इसकी अवधि होती है 5 साल। अगर आप MIS में 3000 रुपये लगाते हैं तो हर महीने आपको लगभग 19 रुपये का ब्याज मिलेगा। 5 साल की पूरी अवधि में आप कुल 1140 रुपये का ब्याज कमा लेंगे। मैच्योरिटी पर आपको आपकी जमा की गई मूल राशि यानी 3000 रुपये भी वापस मिल जाती है। इस तरह से एमआईएस स्कीम में 3000 रुपये जमा करने पर 5 साल बाद कुल 4140 रुपये प्राप्त होते हैं।
RD स्कीम : छोटी-छोटी बचत से बनाएं बड़ा फंड
अगर आप हर महीने थोड़ी-थोड़ी रकम बचाकर भविष्य के लिए एक मजबूत पूंजी तैयार करना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की रिकरिंग डिपॉजिट (RD) योजना आपके लिए एक बढ़िया विकल्प है। इस स्कीम पर फिलहाल 6.7% सालाना ब्याज मिल रहा है। मान लीजिए आप हर महीने 3000 रुपये इस योजना में जमा करते हैं, तो 5 साल यानी 60 महीनों में आपकी कुल जमा राशि होगी 1,80,000 रुपये। इस पर मिलने वाले ब्याज से यह रकम बढ़कर हो जाएगी 2,14,097 रुपये। यानि आपको कुल 34,097 रुपये का ब्याज मिलेगा।
डिस्क्लेमर : यह लेख केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। किसी भी प्रकार के निवेश या वित्तीय निर्णय लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य लें।





