नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । यदि आप सरकारी नौकरी में हैं और होम लोन की भारी EMI से परेशान हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को हाउस बिल्डिंग एडवांस (HBA) योजना के तहत घर बनाने, खरीदने या पुराने महंगे लोन को चुकाने के लिए आर्थिक मदद देती है। इस योजना का मकसद सरकारी कर्मचारियों को आवास संबंधित जरूरतों में वित्तीय सहारा देना है।
HBA स्कीम के तहत पात्र कर्मचारी को अधिकतम 25 लाख रुपये तक का एडवांस मिल सकता है, जिस पर केवल 7.44% सालाना ब्याज देना होता है, जो आमतौर पर होम लोन की तुलना में काफी कम है। इस योजना का लाभ वे सरकारी कर्मचारी ले सकते हैं जो खुद का घर बनवाना चाहते हैं, नया मकान खरीदना चाहते हैं, या पहले से चल रहे महंगे होम लोन को चुकाने की सोच रहे हैं।
हाउस बिल्डिंग एडवांस योजना क्या है ?
हाउस बिल्डिंग एडवांस (HBA) केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली एक विशेष वित्तीय सहायता योजना है, जिसका उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को कम ब्याज पर घर बनाने, खरीदने या पुराने कर्ज चुकाने में मदद करना है। इस योजना के तहत सरकारी कर्मचारी 25 लाख रुपये तक का एडवांस ले सकते हैं। सबसे खास बात यह है कि इस एडवांस का उपयोग न सिर्फ नया घर बनाने या खरीदने के लिए किया जा सकता है, बल्कि पहले से लिए गए महंगे होम लोन की भरपाई के लिए भी किया जा सकता है। यानी, अगर आपने पहले किसी प्राइवेट बैंक, हाउसिंग फाइनेंस कंपनी या किसी और संस्था से होम लोन लिया है और उसकी EMI बहुत ज्यादा है, तो आप HBA योजना के तहत सरकार से एडवांस लेकर वह पुराना लोन चुका सकते हैं।
HBA योजना में कितना मिल सकता है पैसा?
HBA योजना के तहत सरकार अपने कर्मचारियों को घर बनाने या खरीदने के लिए आर्थिक मदद देती है, लेकिन इसकी एक सीमा तय है। इस योजना में कर्मचारी को उसकी 34 महीने की बेसिक सैलरी या अधिकतम 25 लाख रुपये, इनमें से जो भी राशि कम हो, उतना एडवांस दिया जाता है। उदाहरण के लिए अगर आपकी बेसिक सैलरी के हिसाब से कुल रकम 20 लाख रुपये बनती है, तो आपको उतना ही एडवांस मिलेगा, 25 लाख रुपये नहीं।
यदि आप घर में अतिरिक्त निर्माण (जैसे नया कमरा, पहली मंजिल जोड़ना या मरम्मत) करवाना चाहते हैं, तो इसके लिए भी सरकार की ओर से 10 लाख रुपये तक एडवांस लिया जा सकता है। अगर पति और पत्नी दोनों सरकारी कर्मचारी हैं, तो दोनों को अलग-अलग यह लाभ मिल सकता है। यानी एक ही परिवार को कुल मिलाकर 50 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकती है।
HBA का पैसा कहां-कहां आ सकता है काम?
सरकार से मिलने वाला यह एडवांस सिर्फ घर बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका इस्तेमाल कई अन्य कामों में भी किया जा सकता है। अगर आपने पहले से कोई होम लोन लिया है और अब उसकी EMI भारी पड़ रही है, तो इस एडवांस से वह लोन चुकाया जा सकता है। यदि आप खुद का नया घर बनाना चाहते हैं, तो इस पैसे से जमीन खरीदने से लेकर मकान तैयार करवाने तक का खर्च किया जा सकता है। वहीं, अगर आपके पुराने मकान की हालत खराब है, तो उसकी मरम्मत या विस्तार के लिए भी यह रकम उपयोग में लाई जा सकती है।
किन्हें मिलेगा HBA योजना का लाभ?
यह योजना फिलहाल केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए लागू है। इसमें एडवांस की राशि तय करते समय केवल बेसिक सैलरी ही नहीं, बल्कि कुछ अतिरिक्त भत्तों को भी शामिल किया जाता है। उदाहरण के लिए, यदि किसी डॉक्टर को नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस मिलता है या कोई व्यक्ति फैमिली पेंशन प्राप्त कर रहा है, तो इन राशियों को भी एडवांस की गणना में जोड़ा जाता है।
HBA योजना में तयशुदा ब्याज दर, EMI का बोझ भी कम
इस योजना में ब्याज दर फिक्स्ड होती है, जो सालाना 7.44 फीसदी है। बाजार में मिलने वाले होम लोन की तुलना में यह ब्याज दर काफी कम है, जिससे लंबी अवधि में लाभ मिलता है। इसके अलावा, लोन की किस्तें धीरे-धीरे चुकानी होती हैं, जिससे मासिक बजट पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता।





