नई दिल्ली, एजेंसी। अमूल का दूध फिर महंगा हो गया है। लोगों ने शुक्रवार सुबह अचानक दूध के महंगा होने पर अचरज जताया। अमूल पाउच दूध (सभी प्रकार) की कीमत तीन रुपये लीटर बढ़ गई है। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड ने शुक्रवार सुबह कहा कि हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि अमूल पाउच दूध (सभी प्रकार) की कीमत 02 फरवरी, 2023 रात्रि प्रेषण (03फरवरी, 2023 सुबह) से बढ़ा दी गई है।’ उल्लेखनीय है कि अब तक अमूल का फुल क्रीम दूध 63 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था। इसे 15 अक्टूबर को बढ़ाकर 61 रुपये से 63 रुपये प्रति लीटर किया गया था।
पिछले साल कितनी बढ़ाई थीं कीमतें
अमूल ने बीते साल अक्टूबर में दूध की कीमतें 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई थीं। अमूल ने कहा था, दूध के उत्पादन और परिचालन की लागत में बढ़ोतरी को देखते हुए कीमतों में इजाफा किया गया है।
पिछले 10 महीने में दूध की कीमतें 9 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ी
दिल्ली में अमूल और मदर डेयरी, दो ब्रैंड्स का दूध सबसे ज्यादा बिकता है। दोनों ही कंपनियों ने पिछले एक साल में कई बार दूध के दाम बढ़ाए हैं। एक आंकड़ा बताता है कि पिछले 10 महीने में दूध की कीमतें 9 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुकी हैं। दूध के रेट में इतनी ज्यादा बढोतरी इससे पहले 2013-14 में देखी गई थी।
अमूल हर रोज किसानों से 2.7 लाख लीटर दूध खरीदती है
सूत्रों के मुताबिक, अमूल हर रोज किसानों से 2.7 लाख लीटर दूध खरीदती है। अभी ठंड के जाते हुए सीजन में दूध इतना महंगा हो गया है। गर्मियां आ रही हैं, उस वक्त दूध का उत्पादन घट जाता है। उसके चलते, दूध के दाम में और इजाफा हो सकता है। पशु चारे के दाम भी बढ़े हैं। ऊपर से कोविड के वक्त दूध नहीं बिका तो पशुपालकों ने मवेशियों की संख्या कम कर दी। इसी बीच, लंपी बीमारी से कई राज्यों में गायों की मौत हुई। उससे संकट और बढ़ गया। दूध की कीमतों पर इनका सीधा असर पड़ा है।





