मुंबई, 29 मार्च (आईएएनएस)। अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) की सहायक नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (एनएमआईएएल) ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के साथ वित्तीय दस्तावेजों के निष्पादन के साथ नवी मुंबई में ग्रीनफील्ड अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा परियोजना के लिए वित्तीय समापन (फाइनेंशियल क्लोजर) हासिल कर लिया है। एसबीआई ने एनएमआईए प्रोजेक्ट के लिए 12,770 करोड़ रुपये की पूरी कर्ज जरूरत को अंडरराइट किया है। एनएमआईएएल के निदेशक जीत अदाणी ने कहा, अदाणी समूह का ध्यान अपनी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ हवाईअड्डा बुनियादी ढांचा तैयार करना और उपभोक्ताओं को संबंधित सेवाएं प्रदान करना है। हमारा लक्ष्य भारत के सबसे बड़े शहरों को आसपास के अन्य शहरों और कस्बों के साथ एक हब और स्पोक मॉडल में परिवर्तित करना है। भविष्य में हवाईअड्डों की केंद्रीय भूमिका को देखते हुए हम एक आर्थिक पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने का इरादा रखते हैं, जिसमें हवाईअड्डे के उपयोगकर्ता इसके मूल में हों। एसबीआई की यह सुविधा हम मुंबई को एक और ऐतिहासिक उपयोगिता प्रदान करने की दिशा में एक कदम आगे बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि वित्तीय समापन की उपलब्धि आवश्यक संसाधनों को जुटाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर एनएमआईएएल परियोजना को पूरा करने के लिए अदाणी समूह की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसे समूह द्वारा जुलाई 2021 में अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) के माध्यम से मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) के अधिग्रहण के अनुसार लिया गया था। एसबीआई कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड ने एसबीआई के वित्तीय सलाहकार के रूप में काम किया और सराफ एंड पार्टनर्स लॉ ऑफिस ने ऋणदाताओं के कानूनी सलाहकार के रूप में काम किया। इसी तरह सिरिल अमरचंद मंगलदास ने एनएमआईएएल के कानूनी सलाहकार के रूप में काम किया। –आईएएनएस एसजीके/एएनएम




