नई दिल्ली, रफ्तार। विस्तारा एयरलाइंस की आज 70 फ्लाइट्स रद्द हो सकती हैं। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी की नई दिल्ली की पांच फ्लाइट्स, बेंगलुरु की तीन, कोलकाता की दो उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। फिलहाल एयरलाइंस पायलट्स की कमी और संचालन संबंधी समस्याओं का सामना कर रही है। कंपनी की एक अप्रैल से अब तक 50 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं हैं। जबकि, करीब 160 उड़ानें देरी हुईं हैं।
टाटा ग्रुप की कंपनी है विस्तारा एयरलाइंस
बता दें विस्तारा एयरलाइंस, टाटा ग्रुप की कंपनी है। इसका टाटा ग्रुप की ही अन्य एयरलाइंस एयर इंडिया के साथ विलय होना है। ऐसे में माना जा रहा कि विस्तारा एयरलाइंस की इतनी संख्या में उड़ानें रद्द होने की यह भी एक वजह है। विस्तारा एयरलाइंस ने कहा है कि कई कारणों से हमने बीते दिनों में बड़ी संख्या में फ्लाइट्स कैंसिल की है। कई उड़ानों में देरी हुई। ऐसे में कंपनी ने तय किया है कि अपने नेटवर्क में कनेक्टिविटी के लिए हम अपनी फ्लाइट्स की संख्या घटाएंगे।
40 घंटे की उड़ान के लिए मिलेगी तय सैलरी
एयर इंडिया और विस्तारा एयरलाइंस के विलय से दोनों कंपनियों के क्रू को एक ही सैलरी स्ट्रक्चर में लाने की तैयारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक नई व्यवस्था के तहत विस्तारा के पायलट्स को 40 घंटे की उड़ान के बदले तय सैलरी मिलेगी। इसके साथ ही एक्स्ट्रा घंटे की उड़ान के लिए अलग से भुगतान किया जाएगा। अभी विस्तारा के पायलट्स को 70 घंटे की उड़ान के तहत सैलरी दी जाती है। जानकार बताते हैं कि नए सैलरी स्ट्रक्चर से विस्तारा एयरलाइंस के कई पायलट्स नाराज हैं, क्योंकि नई व्यवस्था से उनकी सैलरी में कमी हो जाएगी।
फ्लाइट्स रद्द होने पर मंत्रालय ने मांगा जवाब
विस्तारा एयरलाइंस की बड़ी संख्या में फ्लाइट्स कैंसिल होने और देर होने पर लोगों ने नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया पर यूजर्स कंपनी की सर्विस को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। वहीं, मामले में नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भी विस्तारा एयरलाइंस से जवाब मांग लिया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





