नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आगामी 22 जनवरी को राम मंदिर में होने वाली प्राण प्रतिष्ठा के लिए अयोध्या को दुल्हन की तरह सजा दिया गया है। यूपी सरकार ने पहले ही 22 जनवरी को अवकाश घोषित किया है। तो वहीं केंद्र की मोदी सरकार ने गुरुवार को ऐलान किया कि केंद्र सरकार के सभी कार्यालय 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन आधे दिन के लिए बंद रहेंगे। इसके अलावा यह भी आदेश दिया गया है कि भाजपा शासित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 22 जनवरी के दिन आधे दिन का अवकाश रहेगा। सरकार ने कहा है कि सभी कर्मचारी इस उत्सव में भाग लें या फिर अपने घर पर दीपक जलाएं और पूजा में शामिल हो। आस्था और जनभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
बैंक रहेंगे बंद, निपटा लीजिए काम
22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर आधे दिन बैंक में अवकाश रहेगा। वित्त मंत्रालय की एक अधिसूचना के जरिए यह आदेश लागू किया गया है। जिसमें बैंक के अलावा बीमा कंपनियों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक भी शामिल हैं। इसलिए बैंक से जुड़े काम आप शुक्रवार और शनिवार को ही निपटा लीजिए।
किन राज्यों में किस तरह होगी छुट्टी
सोमवार यानी 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के दौरान कुछ राज्यों में आधे दिन तो कुछ राज्यों में पूरी तरह से अवकाश होगा। आपको बता दें कि राजस्थान ,असम और उड़ीसा में सरकारी ऑफिस और बैंक दोपहर 2:30 बजे तक बंद रहेंगे।
वहीं यूपी सरकार पहले ही 22 जनवरी को राज्य में शैक्षणिक संस्थान बंद रखने के आदेश दे चुकी है। योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को दिवाली की तरह मनाएं। राज्य में 22 जनवरी को शराब की दुकान भी बंद रखने का सख्त आदेश भी दिया है।
गोवा सरकार ने छुट्टी का ऐलान किया गया है इसके तहत सरकारी ऑफिस स्कूल कॉलेज बंद रहेंगे। हरियाणा में स्कूल और बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा शराब की बिक्री पर भी रोक लगेगी।
मध्य प्रदेश में 22 जनवरी को ड्राई डे रहेगा। वहीं, छत्तीसगढ़ में विष्णु देव सरकार ने स्कूल कॉलेज की छुट्टी कर दी है। आपको बता दें कि 22 जनवरी को जुडीशरी ने छुट्टी का ऐलान नहीं किया है यानी देश की अदालतों में 22 जनवरी को काम आम दिनों की तरह ही चलेगा।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- Hindi News Today: ताज़ा खबरें, Latest News in Hindi, हिन्दी समाचार, आज का राशिफल, Raftaar – रफ्तार:




