नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल आया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, ई मेल में लिखा है कि गुरुवार को स्कूल में बम प्लांट किया गया था। हालांकि जांच के दौरान कुछ भी नहीं मिला है। इस मामले में लीगल एक्शन भी लिया गया है।
समरफील्ड स्कूल की प्रिंसिपल शालिनी अग्रवाल ने बताया कि मेल मिलने के 10 मिनट के अंदर मैनेजमेंट ने स्कूल खाली करा लिया था।
10 मिनट में खाली कराया गया स्कूल
प्रिंसिपल ने बताया कि मेल देर रात भेजा गया थआ लेकिन सुबह-सुबह देखा गया। इसके बाद 10 मिनट में स्कूल खाली करा लिया गया। इसके बाद पुलिस और जिला प्रशासन को जानकारी दी गई। पुलिस ने भी पूरा समर्थन किया और फौरन आ गई।
स्कूल परिसर में चेकिंग कर रहा है बम निरोधक दस्ता
अब यहां कोई बच्चा नहीं हैं। कुछ बच्चों के पेरेंट्स का इंतजार किया जा रहा है कि वो आकर अपने बच्चों को ले जाएं। उन्होंने बताया कि पुलिस और बम निरोधक दस्ता स्कूल परिसर में हैं और चेकिंग कर रहे हैं।
इससे पहले बीते 30 अप्रैल को भी दिल्ली और नोएडा के कई स्कूलों में ईमेल के जरिए बम की धमकी दी गई थी। हालांकि जांच के बाद पुलिस के कुछ भी नहीं मिला था।




