बीजापुर, 25 जून (हि.स.)। जिले के भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश से प्रतिनिधि के तौर पर पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप ने पत्रकार से चर्चा की। साथ में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा व जिला अध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार उपस्थित थे। पत्रवार्ता में पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप ने कहा कि 25 जून 1975 को आपतकाल लगा, उसे भाजपा काला दिन के रूप में मनाते आई है। आज की कांग्रेस का चरित्र आपातकाल वाली कांग्रेस के समान है। आजादी को अक्षुण बनाये रखने की जिम्मेदारी सभी नागरिकों का है। कश्यप ने कहा कि संघर्षों के बाद आजादी मिली थी, लेकिन इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर पुन: देश को गुलाम बना दिया था। डॉ. सुभाऊ ने कहा कि कांग्रेस की नीति में लोकतंत्र हमेशा आपातकाल के घेरे में रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे हमेशा देश विरोधी ताकतों और टुकड़े-टुकड़े गैंग के सहयोगी रहे हैं। इन्हें लोकतंत्र से कोई लेना देना नहीं है, यह कांग्रेस के चरित्र में सदैव से रहा है। आपातकाल को लेकर काला दिवस भाजपा द्वारा मनाए जाने को लेकर पूछे सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा कभी नहीं चाहती है कि ऐसा काला दिन दोबारा देश देखे जहां सबकी स्वतंत्रता का हनन हो इसलिए बार-बार स्मरण के तौर पर मनाती है। उन्होंने प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कालखंड में लगे आपातकाल को भारतीय जनता पार्टी ने उस दिन को काला दिवस बताया। हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे





