गरियाबंद/रायपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में हाथियों का आतंक लगातार जारी है। जिले के देवभोग थानांतर्गत ग्राम सोभा में हाथियों ने बुधवार को एक युवक पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। देवभोग थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक अशोक मरकाम ग्रामीणों के साथ हाथियों को देखने के लिए पहुंचा हुआ था। इसी दौरान ग्रामीणों पर अचानक हमला कर दिया। ग्रामीण तो भाग निकले लेकिन युवक फोटो खींचने के चक्कर में पिछड़ गया। जिसके बाद हाथियों ने सूंड से उठाकर पटक दिया। घटना के बाद युवक बुरी तरह से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए मैनपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजय नेताम भी मौके पर पहुंचे हैं। संजय नेताम ने कहा कि मृतक के परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/चंद्रनारायण शुक्ल




