हरिद्वार, एजेंसी। आम आदमी पार्टी हरिद्वार के विधानसभा अध्यक्ष के नेतृत्व में दिल्ली एमसीडी में मेयर पद का चुनाव निरस्त होने के विरोध में चंद्राचार्य चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। आप ने दिल्ली के एलजी विनय कुमार सक्सेना पर संविधान और लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया व भाजपा के इशारे पर निष्पक्ष चुनाव न कराने आरोप लगाया।
नरेश शर्मा ने कहा कि एलजी केंद्र सरकार के इशारे पर काम करती है
पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि एलजी केंद्र सरकार के इशारे पर एमसीडी में चुनी हुई पार्टी को सरकार न बनाने पर लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। भाजपा के 15 वर्षों के कुशासन को उखाड़ फेंक कर दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी पर विश्वास किया था और भारी बहुमत दिया था लेकिन भाजपा भ्रष्टाचार की पोल खुल जाने के भय से एलजी का इस्तेमाल कर लोकतंत्र की हत्या कर रही है।
एलजी जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को काम करने नहीं दे रही
विधानसभा अध्यक्ष अनिल सती ने कहा कि भाजपा संविधान को नहीं मानती। एलजी केंद्र सरकार के इशारे पर जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को काम नहीं करने दे रही है, जिस तरह तीसरी बार भी सदन हंगामे की भेंट चढ़ गया उससे साबित होता है की एलजी दिल्ली सरकार के विकास को लेकर गंभीर नहीं हैं।
भाजपा की कथनी और करनी को पूरा देश देख रहा है
विधानसभा अध्यक्ष ग्रामीण संजू नारंग ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी को पूरा देश देख रहा है। जिस तरह भाजपा के पार्षद सदन में हंगामा कर माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे थे वह किसी से छुपा नहीं है। भाजपा जनादेश का सम्मान नहीं करती और चुनी हुई सरकार और जनता द्वारा दिए गए जनादेश की खुलेआम धज्जियां उड़ा रही है।
प्रदर्शन करने वालों में अनिल सती, संजू नारंग, धीरज पीटर, खालिद हसन, मयंक गुप्ता, देवेंद्र सिंह, अमनदीप, किरण कुमार दुबे, विशाल सैनी राकेश यादव, गीता देवी, संजय गौतम, खलील राणा, जय हिंद चौहान, मनोज कश्यप, फूल सिंह, बॉबी कश्यप, जसविंदर गौतम, शाहीन अशरफ, सुल्तान मौजूद रहे।




