Loksabha 2024: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में इन प्रमुख चेहरों होगी नजार, राहुल के लिए अपनी सीट बचाना मुद्दा

दूसरे चरण में वायनाड में राहुल गांधी, 3 केंद्रीय मंत्री और 2 पूर्व CM चुनावी दंगल में उतर रहे हैं। कोटा से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तीसरी बार मैदान में हैं। हेमा मालिनी मथुरा सीट से चुनाव लड़ रही है।
BJP vs Congress
BJP vs CongressRaftaar

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। 19 अप्रैल 2024 को लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद अब दूसरे चरण का बिगुल बज चुका है। 26 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होगा। तो वहीं, 24 अप्रैल की शाम से प्रचार अभियान थम जाएगा। दूसरे चरण में 12 राज्यों की 88 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इन सीटों पर कुल 1206 प्रत्याशी मैदान में उतरेंगे। दूसरे चरण में कई दिग्गजों की साख भी दांव पर हैं। आइए जानते हैं वे हाई-प्रोफाइल सीटें जिन पर होंगी पूरे देश की निगाहें।

वायनाड लोकसभा सीट

दूसरे चरण में केरल की सभी 20 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इन्हीं में से एक सीट है वायनाड। यहां से कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी दूसरी बार चुनावी मैदान में हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने 4,31,770 मतों से चुनाव जीता था। भाजपा ने राहुल गांधी के खिलाफ के. सुरेंद्रन पर भरोसा जताया है।

राजनांदगांव लोकसभा सीट

छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव लोकसभा सीट से छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कांग्रेस ने टिकट दिया है। भूपेश के सामने भाजपा के संतोष पांडेय हैं।

मान्डया लोकसभा सीट

कुमारस्वामी की पार्टी जनता दल (सेक्युलर) का लोकसभा चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन हैं। कांग्रेस ने उनके सामने वेंकटरमण गौड़ा को उतारा है।

तिरुअनंतपुरम लोकसभा सीट

केरल की तिरुअनंतपुरम सीट से केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर से उनका मुकाबला है।

जोधपुर लोकसभा सीट

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भाजपा की टिकट से यहां से तीसरी बार चुनाव में उतरे हैं। बसपा से मंजू मेघवाल और कांग्रेस से करण सिंह उचियारड़ा की चुनौती शेखावत के सामने है।

कोटा लोकसभा सीट

राजस्थान की कोटा लोकसभा सीट से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले वे 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव इस सीट से जीत चुके हैं। ओम बिरला के सामने कांग्रेस ने प्रहलाद गुंजल को टिकट दिया है।

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट

उत्तर प्रदेश की गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर सबकी निगाहें इस वजह से हैं कि यहां से केंद्रीय मंत्री रहे डॉ. महेश शर्मा तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) ने डॉ. महेंद्र सिंह नागर को टिकट दिया है।

अट्टिंगल लोकसभा सीट

केरल की अट्टिंगल लोकसभा सीट पर केंद्रीय राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन की प्रतिष्ठा दांव पर है। कांग्रेस ने उनके सामने अडूर प्रकाश को अपना प्रत्याशी बनाया है। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) से एडवोकेट वी जॉय और बसपा से एडवोकेट सुरभि एस अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

झालावाड़-बारा लोकसभा सीट

राजस्थान की झालावाड़-बारा लोकसभा सीट को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का गढ़ माना जाता है। 2009 से अब तक यहां से वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह सांसद हैं। दुष्यंत सिंह चौथी बार चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस ने उर्मिला जैन और बसपा ने चंद्र सिंह किराड़ को उतारा है।

जालोर लोकसभा सीट

राजस्थान की जालोर लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। वैभव के सामने भाजपा ने लुंबाराम को उतारा है।

मथुरा लोकसभा सीट

उत्तर प्रदेश की मथुरा लोकसभा सीट पर सबकी निगाहें हैं। वजह फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी हैं। भाजपा ने मथुरा सीट से हेमा मालिनी को तीसरी बार उतारा है। वे दो बार यहां से जीत भी दर्ज कर चुकी हैं। हेमा मालिनी के सामने कांग्रेस के मुकेश धनगर की चुनौती है।

मेरठ लोकसभा सीट

रामायण के 'राम' अरुण गोविल उत्तर प्रदेश की मेरठ लोकसभा सीट पर भाजपा की टिकट पर अपनी सियासी किस्मत आजमा रहे हैं। उनके सामने सपा ने सुनीता वर्मा और बसपा ने देवव्रत कुमार त्यागी को उतारा है। यहां से कुल आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

मैसूर लोकसभा सीट

कर्नाटक की मैसूर लोकसभा सीट पर भाजपा ने पूर्व राजपरिवार के सदस्य पर भरोसा जताया है। भाजपा की टिकट पर यादुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस ने अपने राज्य प्रवक्ता एम, लक्ष्मण को उतारा है। इस सीट पर आठ निर्दलीय समेत 18 प्रत्याशी मैदान में हैं।

बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा सीट

भाजपा के युवा सांसद तेजस्वी सूर्या की साख बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा सीट पर दांव पर है। तेजस्वी ने पिछला चुनाव यहां से जीता था। कांग्रेस ने यहां सौम्या रेड्डी को टिकट दिया है। इस सीट पर 12 निर्दलीय समेत कुल 22 प्रत्याशी मैदान में हैं।

पूर्णिया लोकसभा सीट

इस चुनाव में बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट शुरुआत से ही चर्चा में रही है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने यहां बीमा भारती को उतारा है। कांग्रेस की टिकट पर पप्पू यादव चुना लड़ना चाहते हैं लेकिन राजद से बात नहीं बनी। अब इसी सीट से राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव निर्दलीय उतरे हैं। बसपा से अरुण दास मैदान में हैं। यहां कुल सात प्रत्याशी चुनाव में हैं।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in