नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । कुछ लोग जैसे ही मौसम बदलता है, बीमार पड़ने लगते हैं। यह आम समस्या है, लेकिन कई बार यह गंभीर रूप ले सकती है। मौसम का बदलाव प्रकृति की स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन कई बार शरीर इस परिवर्तन को झेल नहीं पाता और उसका असर स्वास्थ्य पर दिखने लगता है। अभी कुछ समय पहले हम तेज़ गर्मी का सामना कर रहे थे और अब मानसून आने के बाद कभी ठंडी तो कभी उमस भरी स्थिति हो रही है। यह परिवर्तन खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर बुरा असर डालता है। साथ ही लापरवाही के कारण सर्दी-खांसी, बुखार, पेट की परेशानी और त्वचा संबंधित समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में जरूरी है कि हम पहले से सतर्क रहें ताकि मौसम का आनंद बिना बीमारी के लिया जा सके।
क्या है कारण?
अगर मौसम बदलते ही आप या आपके परिवार का कोई सदस्य बार-बार बीमार होता है, तो यह इस ओर इशारा करता है कि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है। इम्यून सिस्टम की कमजोरी की वजह से ही शरीर बार-बार बाहरी संक्रमण का शिकार हो जाता है। नतीजा यह होता है कि जरा-सा मौसम बदलते ही बीमार पड़ने की स्थिति बन जाती है। कमजोर प्रतिरोधक क्षमता से फ्लू, इन्फेक्शन और पानी की कमी जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
संक्रमण से कैसे बचें?
मौसम परिवर्तन के दौरान संक्रमण का खतरा सबसे ज्यादा होता है। मानसून शुरू हो चुका है, ऐसे में बैक्टीरियल और फंगल इन्फेक्शन, साथ ही ब्रोंकाइटिस, टायफॉइड, मलेरिया और फ्लू जैसी बीमारियां आम हो सकती हैं। इस स्थिति में अगर संक्रमण के कोई भी लक्षण दिखाई दें, तो डॉक्टर से परामर्श लेना ज़रूरी हो जाता है।
साफ-सफाई पर रखें ध्यान
मौसम चाहे कोई भी हो, स्वच्छता हमेशा जरूरी होती है। बरसात में चारों ओर फैली गंदगी से बीमारियां फैलने की आशंका सबसे ज्यादा होती है। ऐसे में जरूरी है कि घर और आस-पास का वातावरण साफ रखा जाए। खाना खाने से पहले और बाद में हाथ ज़रूर धोएं। सब्जियों और फलों को धोकर ही खाएं। आस-पास पानी जमा न होने दें। घर की सफाई में कीटनाशकों का प्रयोग करें और मच्छरों को पनपने से रोकें।
पौष्टिक भोजन अपनाएं
इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाए रखने के लिए संतुलित और पोषक आहार बेहद ज़रूरी है। बासी या तला-भुना भोजन खाने से परहेज करें। रोज़ाना ताजे फल और हरी सब्जियां खाएं। दालें भी आहार में शामिल करें। भरपूर पानी पीते रहें ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे। हल्दी वाला दूध या उबला हुआ पानी पीना भी फायदेमंद हो सकता है, जिससे बीमारियों से बचाव होता है।
भोजन में शामिल करें हल्दी, तुलसी और अदरक
दिल्ली के दीप चंद बंधु अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अविनाश कुमार के मुताबिक, बदलते मौसम का सबसे गहरा असर बच्चों और बुजुर्गों पर होता है, इसलिए उनकी विशेष देखभाल जरूरी है। बारिश के मौसम में कपड़े पहनने से पहले उन्हें अच्छी तरह प्रेस करें ताकि उनमें मौजूद बैक्टीरिया मर जाएं। ठंडे पेय और बाहर के खाने से बचें। तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाएं और इम्यूनिटी बढ़ाने वाले तत्वों पर ध्यान दें। हल्दी, तुलसी और अदरक का सेवन नियमित रूप से करें, ये शरीर को संक्रमण से बचाते हैं। बाहर निकलते समय मास्क ज़रूर लगाएं और दिन में दो बार गुनगुने नमक वाले पानी से कुल्ला करें, ताकि मुंह में कीटाणु न पनपें।




