नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। घुटनों का दर्द कभी भी किसी भी उम्र में हो सकता है, वैसे यह अक्सर 40 की उम्र पार करने के बाद देखा गया है। कभी-कभी यह छोटे दर्द के रूप में शुरू होता है और फिर पुराने दर्द में बदल जाता है जो सालों तक बना रहता है। यदि समय पर इसका सही उपचार किया जाए तो इसे जड़ से समाप्त करना संभव है। इसके लिए कुछ टिप्स अपनाए जा सकते हैं। जब घुटनों के दर्द को दूर करने के लिए आयुर्वेदाचार्य गोपाल मेहता से पूछा गया तो उन्होंने दैनन्दिनी में लोगों के लिए कुछ उपाय सुझाए हैं । आचार्य मेहता का कहना है कि यदि रोज गर्म और ठंडी मालिश का इस्तेमाल किया जाए तो दर्द से राहत ही नहीं मिलती लम्बे समय तक अपनाई गई इस प्रक्रिया से दर्द पूरी तरह से घुटनों से चला जाता है।
ज्यादा दर्द में बर्फ के टुकड़े का करें इस्तेमाल
उन्होंने बताया कि अगर घुटनों में बहुत ज्यादा दर्द हो तो बर्फ के टुकड़े का इस्तेमाल करना चाहिए, इसके लिए विधि यह है कि कपड़े में पहले इसे लपेट लिया जाए फिर उससे दस से पंद्रह मिनट तक मसाज की जानी चाहिए। इसके बाद दूसरी प्रक्रिया में गर्म पानी की बोतल पर कपड़ा लपेटकर उससे इसी तरह से इतने ही समय तक के लिए मसाज करनी चाहिए । जहां बर्फ सूजन को कम करती है, वहीं गर्म पानी की गर्मी मांसपेशियों को आराम देती है। इससे दर्द से राहत मिल जाती है।
हल्दी और अदरक का उपयोग भी लाभदायक
उन्होंने एक उपाय हल्दी और अदरक के उपयोग को लेकर भी बताया है। आचार्य मेहता के अनुसार घुटनों के दर्द से पीडि़त मरीज यदि एक कप पानी में आधा चम्मच हल्दी पाउडर और आधा चम्मच अदरक पाउडर मिलाएं और इसे छानकर इसमें शहद मिलाकर पिए तो न सिर्फ घुटने बल्कि शरीर में कहीं भी दर्द हो रहा हो तो उससे राहत मिल जाती है। आयुर्वेदाचार्य का कहना है कि हल्दी और अदरक में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं जो दर्द और सूजन को कम करने में मदद करते हैं । इसके अलावा डॉ. मेहता ने कसूरी मेथी का उपयोग भी बताया । जिसमें कि मरीज को एक चम्मच मेथी के दानों को रात भर पानी में भिगोना है। सुबह भिगोए हुए पानी को पी लेना है, साथ ही जो बीज नीचे रह जाएंगे उन्हें चबा लेना है। इससे घुटनों का दर्द कम हो जाता है। मेथी के बीज में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुण हैं जो जोड़ों के दर्द को कम करने में मदद करते हैं।
नारियल तेल की करें मालिश, जल्द मिलेगा घुटनों के दर्द से आराम
इसके अलावा एक आसान उपयोग आयुर्वेदाचार्य गोपाल मेहता ने नारियल तेल की मालिश को लेकर बताया कि नारियल के तेल को थोड़ा गर्म करें और दर्द वाली जगह पर मालिश करते रहें, यह मालिश कम से कम लगातार 15 से 20 मिनट तक होनी चाहिए, यदि दिन में तीन या चार बार इस प्रयोग को अपनाया जाता है तो मरीज को जल्द घुटनों के दर्द से आराम मिलेगा । डॉ. मेहता ने नारियल के तेल के गुण धर्म के बारे में बताते हुए कहा है कि उसमें सूजन-रोधी गुण होते हैं और मालिश के माध्यम से रक्त परिसंचरण को बढ़ाकर दर्द को कम किया जाने की प्रक्रिया पूरी की जाती है।





