नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। अगर आप मेडिकल फील्ड में करियर बनाना चाहते हैं और अभी तक NEET UG 2026 के लिए आवेदन नहीं किया है, तो जल्द कर लें। इस परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन विंडो 11 मार्च 2026 को बंद हो जाएगी। उम्मीदवार रात 9:00 बजे तक ऑनलाइन आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं, जबकि रात 11:50 बजे तक आवेदन शुल्क का भुगतान किया जा सकता है। छात्रों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय तक इंतजार न करें, ताकि वेबसाइट पर तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सके।
कितनी है आवेदन फीस?
NEET UG 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अपनी कैटेगरी के अनुसार शुल्क जमा करना होगा। जनरल कैटेगरी 1700 रुपये, EWS और OBC-NCL: 1600 रुपये, SC, ST, PwBD और थर्ड जेंडर 1000 रुपये और विदेशी उम्मीदवार के लिए 9500 रुपये है। हर साल लाखों छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन सीमित सीटों के कारण कुछ ही छात्रों का चयन हो पाता है। इस साल NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी और इसकी कुल अवधि 3 घंटे (180 मिनट) होगी।
इन 13 भाषाओं में होगी परीक्षा
यह परीक्षा देशभर में 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। उम्मीदवार अपनी सुविधा के अनुसार भाषा चुन सकते हैं। परीक्षा इन भाषाओं में होगी असमिया, बंगाली, अंग्रेजी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू।
कैसे करें NEET UG 2026 के लिए आवेदन?
उम्मीदवार नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करके आवेदन कर सकते हैं:
स्टेप 1: आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं।
स्टेप 2: होमपेज पर New Registration पर क्लिक करें।
स्टेप 3: लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में अपनी जानकारी भरें।
स्टेप 4: जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
स्टेप 5: आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।
स्टेप 6: फॉर्म सबमिट करके उसका प्रिंट आउट सुरक्षित रख लें।
क्या है NEET UG परीक्षा?
NEET UG भारत में MBBS, BDS और अन्य मेडिकल कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा है। इस परीक्षा को पास करने के बाद छात्र देश के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन ले सकते हैं।





