नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सावन का महीना एक पवित्र महीना माना जाता है जहां इस महीने में एक तरफ तो भगवान भोलेनाथ की पूजा,कावंड़ की धूम होती है तो वहीं दूसरी ओर सुहागिनों के लिए भगवान भोलेनाथ व माता पार्वती को मनाने का भी प्रिय महीना है जिसमें वे हरियाली तीज पर पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत करती हैं और देवी पार्वती और भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा पाठ करके उनसे खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना करती है। मान्यता है तीज के दिन कुछ विशेष चीजों का दान करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है. आइए जानते हैं हरियाली तीज के दिन किन चीजो का करें दान…
इस दिन रखा जाएगा हरियाली तीज का व्रत
हरियाली तीज 2025 में 27 जुलाई, रविवार को मनाई जाएगी। हिंदू पंचांग के अनुसार, सावन शुक्ल तृतीया तिथि 26 जुलाई को रात 10 बजकर 41 मिनट पर शुरू होगी और यह तिथि 27 जुलाई को रात 10 बजकर 41 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार, हरियाली तीज 27 जुलाई को मनाई जाएगी। इस दिन रवि योग का शुभ संयोग भी बन रहा है, जो शाम 4 बजकर 23 मिनट से शुरू होकर 28 जुलाई को सुबह 5 बजकर 40 मिनट तक रहेगा। रवि योग में पूजापाठ करना और व्रत रखना बहुत ही शुभ फल देने वाला माना जाता है।
हरियाली तीज के दिन क्या करें दान – तीज के दिन सुहागिन स्त्रियों को 16 श्रृंगार करना चाहिए, इससे जीवन में सुख-शांति समृद्धि आती है। साथ ही इस दिन गरीब और जरूरतमंद लोगों को फल और मिठाई खिलानी चाहिए, इससे घर परिवार में सुख शांति आती है। और धन-धान्य की वृद्धि होती है।
चावल और गेहूं का दान करें
इस दिन चावल और गेहूं का दान करना अक्षय फल की प्राप्ति देता है, आपको बता दें कि गेहूं का दान सोने के दान के बराबर माना जाता है। इस दिन वस्त्रों का दान करना से भी शुभ फल की प्राप्ति होती है वहीं इस दिन उड़द दाल का दान करना चाहिए इससे अखंड सौभाग्य की प्राप्ति होती है।




