नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव को लेकर राजनीतिक दल तैयारियों में जुट गए हैं। दावा किया जा रहा है कि बिहार चुनाव से पहले पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को बड़ा झटका लग सकता है। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। बीजेपी नेता के एक बयान से इसकी चर्चा शुरू हो गई है।
बीजेपी नेता दिलीप जायसवाल के द्वारा दिए एक बयान के बाद मुकेश सहनी के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई है। अगर ऐसा हो गया तो सबसे बड़ा झटका तेजस्वी यादव को लगेगा। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने दावा करते हुए वीआईपी के चीफ मुकेश सहनी के नाम लिए बिना कहा कि महागठबंधन में शामिल एक दल उनके साथ गठबंधन के लिए कोशिश कर रहा है।
बीजेपी नेता दिलीप जायसवाल ने बुधवार (16 अप्रैल) को मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारे गठबंधन में पांच (बीजेपी, JDU, एलजेपी रामविलास, HAM और RLM) पांडव हैं। एक है जो उनके (महागठबंधन) साथ गठबंधन में है वो हमारे यहां प्रयास कर रहे है। रात में लुका-छुपी खेल रहे हैं। वो महागठबंधन के मजबूत पार्टनर हैं। अगर उन्होंने सम्मानजनक तरीके से बात की तभी हम लोग विचार करेंगे।
महागठबंधन में डिप्टी सीएम के पद की मांग
बता दें कि, इस साल (2025) बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाला है। इस बीच मुकेश सहनी अलग-अलग जिलों के प्रवास पर जा रहे है। कई बार उन्होंने यह बात कही है कि अगर महागठबंधन सत्ता में आती है तो तेजस्वी यादव एक तरफ जहां सीएम होंगे तो वहीं वे खुद उपमुख्यमंत्री बनेंगे।
60 सीटों पर ठोक चुके हैं दावा
VIP प्रमुख मुकेश सहनी चुनाव से पहले महागठबंधन में सीटों पर भी दावा ठोक चुके हैं। हाल ही में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने यह कहा था कि हम 60 सीट पर चुनाव लड़ेंगे तब जाकर 40 से 50 पर जीत सकते हैं। हर हाल में 40 सीट पर जीतना है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि दिलीप जायसवाल के इस बयान पर VIP प्रमुख सहनी या पार्टी की ओर से क्या प्रतिक्रिया दी जाती है।




