नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। टीम इंडिया के पूर्व ओपनर शिखर धवन इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में वे अपनी कथित गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ मुंबई स्थित श्री बागेश्वर बालाजी सनातन मठ पहुंचे। दोनों ने यहां बालाजी सरकार से आशीर्वाद लिया और पूजा-अर्चना की। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने मंच पर शिखर धवन का स्वागत केसरिया पगड़ी पहनाकर किया और उनके क्रिकेट करियर व सामाजिक कार्यों की सराहना की।
मंदिर में क्रिकेट मैच: धवन हुए बोल्ड!
पूजा के बाद माहौल हल्का हुआ तो धवन और पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने मंदिर परिसर में क्रिकेट भी खेला।
पहले धवन ने बल्लेबाजी की और एक गेंद पर धीरेंद्र शास्त्री ने उन्हें बोल्ड कर दिया। फिर जब पंडित जी बल्लेबाजी करने आए, तो धवन की गेंद पर कुछ शानदार शॉट्स खेले। मजेदार पल तब आया जब शास्त्री जी ने हंसते हुए कहा, “ये तो नो बॉल थी!”इस दोस्ताना मैच ने वहां मौजूद सभी को खूब एंटरटेन किया।
कौन हैं शिखर धवन की गर्लफ्रेंड सोफी शाइन?
सोफी शाइन आयरलैंड की रहने वाली हैं और उन्होंने मार्केटिंग एंड मैनेजमेंट में डिग्री ली है। धवन और सोफी को पिछले कुछ महीनों में कई बार साथ देखा गया है, चाहे वो एयरपोर्ट हो, क्रिकेट मैच हो या सोशल मीडिया रील्स। हाल ही में एक इवेंट में जब शिखर धवन से उनकी गर्लफ्रेंड के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “नाम नहीं बताऊंगा, लेकिन वो इस कमरे में सबसे खूबसूरत लड़की है। और उस वक्त सोफी वहीं मौजूद थीं।
प्यार में फिर से खो गए शिखर धवन
शिखर धवन ने अपनी पुरानी शादी और तलाक के बाद अब फिर से लाइफ में आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने एक इवेंट में बताया,”मैं पुरानी बातों को पीछे छोड़ चुका हूं। उस दौर ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। जब पूछा गया कि क्या दोबारा प्यार हुआ है, उन्होंने मुस्कुराकर कहा,”मैं हमेशा प्यार में रहता हूं।” शिखर धवन ने पिछले साल आखिरी बार आईपीएल में पंजाब किंग्स की तरफ से खेला था। अब वे पेशेवर क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं।




