नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र राजनीतिक तापमान चरम पर है। बुधवार 29 अक्टूबर 2025 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीवान जिले के रघुनाथपुर में एनडीए उम्मीदवार के समर्थन में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखे वार किए और आरजेडी प्रत्याशी ओसामा शहाबुद्दीन का नाम लिए बिना कहा कि जो प्रत्याशी यहां से दिया गया है, वह अपनी खानदानी आपराधिक पृष्ठभूमि के लिए पूरे देश और दुनिया में कुख्यात है।
“जैसा नाम, वैसा काम”
योगी आदित्यनाथ ने मंच से कहा,“नाम भी देखो न… जैसा नाम वैसा काम। यूपी में हमने अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। लेकिन बिहार में कुछ दल अपराधियों को मंच पर बिठा रहे हैं। आरजेडी और उसके साथी आज भी राम मंदिर का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सोच वाले दलों ने हमेशा भगवान राम के भक्तों को अपमानित किया।
”RJD ने राम मंदिर के रथ को रोका था”
सीएम योगी ने याद दिलाया कि कैसे राम मंदिर आंदोलन के समय आरजेडी ने “राम रथ” को रोकने का पाप किया था। उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी ने यूपी में राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं, और आरजेडी ने बिहार में राम के रथ को रोका। एक ने बिहार में, एक ने यूपी में नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया।” योगी ने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार के कारण बिहार का नौजवान गर्व से अपनी पहचान लेकर देश-दुनिया में जा रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही हैं। उन्होंने कहा, “हमने 6,100 करोड़ रुपये की लागत से राम जानकी मार्ग के निर्माण को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाया है, जिससे अयोध्या धाम सीधे सीतामढ़ी से जुड़ेगा।” उन्होंने दावा किया कि अब बिहार में एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, और गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुँच रहा है।





