नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार की राजनीति में एक बड़ा बयान सामने आया है। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने शुक्रवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा कि तेजस्वी यादव अभी मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी मिलकर चुनाव लड़ेंगी, लेकिन मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह चुनाव के बाद तय होगा।
“नीतीश ने युवाओं के लिए कुछ नहीं किया”: सचिन पायलट का हमला
सचिन पायलट ने नीतीश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश कई वर्षों से मुख्यमंत्री हैं, लेकिन युवाओं के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। पेपर लीक और बेरोजगारी आम हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश ने मोदी सरकार को समर्थन दिया था, तो बदले में बिहार के युवाओं के लिए 10-20 लाख नौकरियों की मांग क्यों नहीं की? पायलट ने कहा कि बिहार की शिक्षा-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। आए दिन परीक्षा का पेपर लीक होता है और सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि हजारों युवा अपना भविष्य खराब होता देख, दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं।
पहले चरण का समापन, कांग्रेस की ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा को अच्छा रिस्पॉन्स
कांग्रेस की इस यात्रा का पहला चरण आज समाप्त हो रहा है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि यह पदयात्रा 26 दिनों तक चली और इसे जनता का अच्छा समर्थन मिला। अब यह अभियान और तेज किया जाएगा।विधानमंडल दल के नेता शकील खान ने कहा कि बीजेपी दोनों स्तर पर सत्ता में है – केंद्र में और बिहार में। फिर भी पलायन और बेरोजगारी चरम पर हैं। उन्होंने इसे बीजेपी की विफलता बताया।
“युवाओं को उनका हक दिलाने आए हैं”: कन्हैया कुमार
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि यह पदयात्रा सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि युवाओं की आवाज है। उन्होंने कहा कि शोषण और बेरोजगारी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और हर जिले में युवाओं ने इस अभियान को समर्थन दिया है।




