नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने सोमवार 13 अक्टूबर को अपनी दूसरी उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में 65 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई है। इस मौके पर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती मौजूद रहे।
दूसरी लिस्ट के उम्मीदवार
जन सुराज की दूसरी सूची में कई नए नाम शामिल हैं। भागलपुर से अभयकांत झा, बड़हरिया से डॉ. शाहनवाज, शिवहर से नीरज सिंह, नरकटिया से लाल बाबू यादव, कल्याणपुर से मंतोष सहनी, संदेश से राजीव रंजन सिंह, बाजपट्टी से आजम हुसैन अनवर, हरलाखी से रत्नेश्वर ठाकुर, नरपतगंज से जनार्दन यादव, इस्लामपुर से तनुजा कुमारी इनके अलावा कई जिलों से नये और सामाजिक रूप से सक्रिय लोगों को टिकट दिया गया है।
अभयकांत झा पर बोले प्रशांत किशोर
भागलपुर से अभयकांत झा के नाम की घोषणा करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, अभयकांत झा ने 75 साल की उम्र में पहली बार राजनीति में कदम रखा है। उन्होंने भागलपुर दंगे के दौरान प्रभावित लोगों की नि:शुल्क लड़ाई लड़ी थी। ऐसे लोगों को जन सुराज अपने साथ जोड़कर राजनीति को नया आयाम देना चाहता है। पीके ने यह भी कहा कि पार्टी ने इस बार 31 अति पिछड़े समाज के लोगों को टिकट दिया है, जो अब तक किसी भी दल ने नहीं किया है।
पहली लिस्ट में थे 51 प्रत्याशी
इससे पहले, जन सुराज ने 9 अक्टूबर को अपनी पहली लिस्ट जारी की थी, जिसमें 51 उम्मीदवारों के नाम थे। उस सूची में कुछ प्रमुख नाम थे दरभंगा से पूर्व आईपीएस आर.के. मिश्रा, मांझी से वरिष्ठ अधिवक्ता वाई.वी. गिरि, कुम्हरार से पूर्व कुलपति के.सी. सिन्हा, और करगहर से भोजपुरी गायक रितेश रंजन पांडेय। पहली और दूसरी सूची को मिलाकर अब तक 116 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा हो चुकी है।
राघोपुर से खुद लड़ सकते हैं प्रशांत किशोर
दूसरी सूची में प्रशांत किशोर का नाम शामिल नहीं है, लेकिन राघोपुर सीट को खाली छोड़ा गया है। माना जा रहा है कि पीके इसी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने हाल ही में राघोपुर में रैली कर कहा था कि मैं तेजस्वी यादव को उसी तरह हराऊंगा, जैसे राहुल गांधी अमेठी में हारे थे। दूसरी लिस्ट जारी होने के बाद पार्टी मुख्यालय पर कुछ समर्थकों ने हंगामा किया। बताया जा रहा है कि एक युवक को टिकट नहीं मिला था, जिससे नाराज होकर उसने प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद जमकर नारेबाजी की जन सुराज की दोनों सूचियों में कुल 116 प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं, जिनमें से 31 उम्मीदवार अति पिछड़ा वर्ग से 25 उम्मीदवार आरक्षित सीटों पर हैं।




