नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बिहार चुनाव से पहले राजनीतिक पार्टियां अपनी-अपनी रणनीतिक तैयारियों में जुटी है। इस बीच, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बिहार चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, अगर NDA के साथ बात नहीं बनी तो तीसरा मोर्चा बनाएंगे। बिहार के अन्य दलों से बातचीत चल रही है और कई पार्टियां तीसरे मोर्चे पर सहमत हैं। राजभर ने प्रशांत किशोर के साथ जाने के संकेत भी दिए हैं।
बलिया में अपने केंद्रीय कार्यालय रसड़ा में मीडिया से बातचीत करते हुए ओपी राजभर ने कहा कि पहली प्राथमिकता NDA गठबंधन के साथ बिहार चुनाव लड़ना है। 70% बात फाइनल हो चुकी है, 30% बची है। लेकिन दूसरा विकल्प भी हम बनाकर चल रहे हैं।
“NDA से बात नहीं बनी तो बिहार में तीसरा मोर्चा बनाएंगे”
सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि INDIA गठबंधन के साथ कोई एलायंस नहीं होगा। बिहार की अन्य पार्टियों से बातचीत जारी है और वे भी सहमत हैं। अगर बीजेपी से बात नहीं बनी, तो हम तीसरा मोर्चा बनाकर 156 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि यूपी की तरह बिहार में भी सुभासपा का संगठन मजबूत है।
राहुल गांधी पर बरसे ओपी राजभर
ओम प्रकाश राजभर ने राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर दिए गए ‘एटम बम और सबूत’ वाले बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिहार चुनाव हारने जा रहे हैं। राजभर ने कहा, “वीपी सिंह भी बोफोर्स मामले में एक टुकड़ा लेकर कहते थे दिखा दूंगा, लेकिन वो टुकड़ा कहां गया पता नहीं चला और वीपी सिंह स्वर्ग सिधार गए। राहुल गांधी भी उसी तरह वह टुकड़ा लेकर घूम रहे हैं और कह रहे हैं कि दिखा देंगे, दिखा देंगे। अगर सबूत हैं तो दिखाओ, सिर्फ बोलने से कुछ नहीं होगा।”





