नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव (2025) की आहट के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार घोषणाओं की झड़ी लगा रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने बुधवार, 30 जुलाई को आशा और ममता कार्यकर्ताओं के लिए मानदेय बढ़ाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने इस फैसले की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत को महत्व देती है। नीतीश कुमार की यह घोषणा न केवल लाखों आशा और ममता कार्यकर्ताओं के लिए राहत लेकर आई है, बल्कि इसे चुनावी रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है।
क्या बोले नीतीश कुमार ?
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आशा और ममता कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि की घोषणा करते हुए उनके योगदान को विशेष रूप से सराहा है। एक्स पर साझा किए गए अपने संदेश में उन्होंने लिखा “नवंबर 2005 में सरकार बनने के बाद से हमने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में इन सेवाओं को मजबूत करने में आशा और ममता कार्यकर्ताओं ने अहम भूमिका निभाई है। उनके इस योगदान को सम्मान देने के लिए और स्वास्थ्य व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से उनकी मानदेय राशि में वृद्धि का निर्णय लिया गया है।”
आशा कार्यकर्ताओं को अब 3000 रुपये, ममता को 600 प्रति प्रसव
नीतीश कुमार ने आशा और ममता कार्यकर्ताओं के मानदेय में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब आशा कार्यकर्ताओं को पहले के 1000 रुपये की जगह 3000 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। वहीं, ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव 300 रुपये के स्थान पर अब 600 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय से इन स्वास्थ्यकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सशक्त होंगी।
चुनाव से पहले नीतीश सरकार का राहत पैकेज
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार लगातार लोकलुभावन घोषणाएं कर रहे हैं। नीतीश सरकार ने पत्रकारों की पेंशन राशि में इजाफा किया है, साथ ही राज्यवासियों के लिए 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की है। वहीं, रिक्त पदों की पहचान कर टीआरई-4 परीक्षा जल्द आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि भी 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है। इन घोषणाओं को जनता के लिए राहतभरी खबर माना जा रहा है।





