नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले दिल्ली में हुई एक मुलाकात ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से अकेले मुलाकात की है। इस मुलाकात में RJD नेता तेजस्वी यादव शामिल नहीं थे, जबकि महागठबंधन में आरजेडी सबसे बड़ी पार्टी है। यही वजह है कि इस मुलाकात को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
राहुल गांधी से किन मुद्दों पर हुई बात?
मुकेश सहनी ने मुलाकात के बाद मीडिया से कहा कि 17 अगस्त से राहुल गांधी की बिहार यात्रा शुरू होगी, जिसका समापन पटना में होगा। सहनी ने दावा किया कि इस यात्रा के ज़रिए जनता को जागरूक किया जाएगा और बीजेपी की “वोट चोरी” वाली राजनीति को बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “चुनाव आयोग को जो करना चाहिए, वो नहीं कर रहा है, इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी गरीबों, दलितों और पिछड़ों के वोट पर डाका डाल रही है।
नुरुल होदा भी रहे मौजूद
इस मुलाकात की जो तस्वीर सामने आई है, उसमें IPS की नौकरी छोड़कर VIP जॉइन करने वाले मोहम्मद नुरुल होदा भी नजर आ रहे हैं। यह दिखाता है कि वीआईपी अब सिर्फ सहनी की पार्टी नहीं रह गई है, बल्कि इसमें प्रशासनिक पृष्ठभूमि के लोग भी जुड़ रहे हैं।
सीट बंटवारे पर क्या बोले सहनी?
जब मीडिया ने पूछा कि क्या राहुल गांधी से सीट शेयरिंग को लेकर कोई चर्चा हुई, तो सहनी ने इस सवाल पर चुप्पी साध ली। हालांकि उन्होंने इतना जरूर कहा कि, “हम पीछे हटने वाले लोग नहीं हैं। लोकतंत्र पर भरोसा है और बिहार की जनता के साथ मजबूती से खड़े हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह सवाल उठाया जा रहा था कि क्या महागठबंधन चुनाव बहिष्कार जैसे किसी कदम की ओर बढ़ सकता है? इस पर सहनी ने साफ कहा कि ऐसी कोई बात नहीं हुई। वे लोकतंत्र और जनता दोनों में विश्वास रखते हैं। इस मुलाकात से यह संकेत मिल रहा है कि बिहार चुनाव से पहले महागठबंधन के भीतर भी रणनीतिक समीकरण बदल रहे हैं। तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी और राहुल गांधी से वीआईपी प्रमुख की सीधी बातचीत कई सवाल खड़े कर रही है।





