नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव 2025 नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक गलियारों में नए चेहरों की चर्चा तेज हो गई है। इन्हीं में एक नाम तेजी से उभर रहा है भोजपुरी सुपरस्टार खेसारीलाल यादव की पत्नी चंदा देवी का। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) उन्हें छपरा सीट से टिकट दे सकती है। हालांकि आरजेडी की आधिकारिक उम्मीदवार सूची अभी जारी नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्र में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि चंदा देवी चुनावी मैदान में उतर सकती है।
गौरतलब है कि खेसारीलाल यादव भी बीते कुछ वर्षों से राजनीति को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इस बार खुद उनके चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। यदि चंदा देवी को टिकट मिलता है, तो यह छपरा की राजनीति को नया मोड़ दे सकता है।
सियासत में सितारों की एंट्री
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में इस बार राजनीति और मनोरंजन की दुनिया के बीच गहराता मेल खासा चर्चा में है। भोजपुरी फिल्म और संगीत इंडस्ट्री के कई बड़े चेहरे इस बार सियासी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। लोकप्रिय लोक गायिका मैथिली ठाकुर, जिनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है, हाल ही में भाजपा नेताओं से मुलाकात कर चुकी हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि वे भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। वहीं, पवन सिंह पहले ही भाजपा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह की केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात ने भी राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। साथ ही गायक और अभिनेता रितेश पांडे और राधेश्याम रसिया के भी चुनावी रण में उतरने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
यह साफ होता जा रहा है कि इस बार चुनाव प्रचार में ग्लैमर, लोकप्रियता और सोशल मीडिया का तड़का अहम भूमिका निभाएगा। पार्टियों के लिए ये सितारे न सिर्फ प्रचार के चेहरे होंगे, बल्कि वोटरों को प्रभावित करने का बड़ा हथियार भी बन सकते हैं। खेसारीलाल यादव और उनकी पत्नी चंदा देवी को लेकर भी चर्चाएं गर्म हैं कि आखिर मैदान में कौन उतरेगा।
खेसारीलाल के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बनेगी चंदा देवी की उम्मीदवारी
छपरा सीट से चंदा देवी की संभावित उम्मीदवारी अब सिर्फ एक राजनीतिक फैसला नहीं, बल्कि भोजपुरी सुपरस्टार खेसारीलाल यादव की प्रतिष्ठा से जुड़ा मुद्दा भी है। सियासी जानकारों का मानना है कि अगर चंदा देवी ने आरजेडी के टिकट पर नामांकन किया, तो यह सीट सिर्फ चुनावी अखाड़ा नहीं, बल्कि खेसारी के लिए एक व्यक्तिगत सम्मान की लड़ाई बन जाएगी।
माना जा रहा है कि खेसारी अपनी पत्नी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक सकते हैं। ऐसे में यह साफ है कि छपरा में मुकाबला रोचक और हाई-प्रोफाइल हो जाएगा। वहीं, भाजपा और अन्य दल भी भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़ी हस्तियों को पार्टी में शामिल करने की भरपूर कोशिश कर रहे हैं, ताकि स्टार पावर के जरिए वोटरों को साधा जा सके। फिल्मी चेहरों की चुनावी सक्रियता ने प्रचार अभियान को नई धार दी है। इनकी मौजूदगी से न केवल जनसमर्थन बढ़ेगा, बल्कि सियासी माहौल में भी खासा उत्साह देखने को मिलेगा।





