नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार के 9 बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले नीतीश कुमार बिहार की राजनीति में आज भी प्रासंगिक बने हुए हैं। आगमी बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कही है। लेकिन इसी बीच जेडीयू के दफ्तर के बाहर पोस्टर लगाए गए हैं जिसमें नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार से राजनीति में आने का आग्रह किया गया है। जेडीयू दफ्तर के बाहर लगे पोस्टर ‘बिहार करे पुकार, आइए निशांत कुमार’ ऐसा ही इशारा कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि होली के बाद निशांत जेडीयू में शामिल होने जा रहे हैं।
निशांत कुमार का परिचय
निशांत का जन्म 20 जुलाई 1975 को हुआ है। निशांत को मसूरी के बोर्डिंग स्कूल में भेज दिया. लेकिन निशांत को यहां घर की याद सताने लगी. निशांत की मां ने उन्हें वापस बुला लिया इसके बाद उनका दाखिला पटना स्थित केंद्रीय विद्यालय में करा दिया गया। स्कूल के बाद निशांत कुमार ने झारखंड की राजधानी रांची में स्थित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) मेसरा से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। निशांत ने पेशेवर डिग्री हासिल करने के मामले में तो अपने पिता को फॉलो किया, लेकिन करियर के चुनने के मामले में वे पिता से अलग रहे। वह राजनीतिक जीवन से कोसो दूर आध्यात्मिक जीवन जीते हैं।
आध्यात्मिक जीवन जीते हैं निशांत कुमार
एक तरफ जहां निशांत कुमार के राजनीति में आने की अटकलें लगने लगी हैं। लोग उनके बारे में जानना चाहते हैं। आपको बता दें कि पेशे से इंजीनियर निशांत कुमार राजनीति में तनिक भी दिलचस्पी नहीं रखते। मीडिया ने तमाम मौके पर उनके राजनीति में आने पर सवाल पूछा। उन्होंने हर बार इस बात को कहकर टाल दिया कि आप कहां हमको राजनीति में फंसा रहे हैं, हम आध्यात्मिक जीवन जीते हैं और हरे राम हरे कृष्ण की धुन रमते रहते हैं।
तेजस्वी यादव ने बताया छोटा भाई
जब इस बात की चर्चा चल पड़ी की होली के बाद निशांत कुमार जेडीयू का दामन थाम सकते हैं तो तेजस्वी यादव ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि निशांत भाई है। अगर राजनीति में आता है तो उनका स्वागत है।





