नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। Dilip Kumar Jaiswal Resignation: बिहार में आज कैबिनेट विस्तार होना है, लेकिन इससे पहले ही बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी के “एक व्यक्ति, एक पद” सिद्धांत का पालन करते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है। हालांकि, वह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम करते रहेंगे।
इस्तीफे में गलत शब्दों पर विपक्ष का हमला
दिलीप जायसवाल के इस्तीफे का पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कई शब्दों की गलतियां सामने आई हैं। उनके पत्र में ‘बिहार’ की जगह ‘विहार’, ‘सूचित’ की जगह ‘सुचित’ और ‘इस्तीफा’ की जगह ‘इस्तिफा’ लिखा गया है। इसको लेकर आरजेडी ने तंज कसते हुए कहा कि “बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री को दो लाइन का त्यागपत्र भी सही से लिखना नहीं आता!”
आरजेडी ने सोशल मीडिया पर साधा निशाना
आरजेडी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पूर्व में ट्विटर पर इस्तीफे का पत्र शेयर करते हुए लिखा, “ये मेडिकल कॉलेज के मालिक भी हैं, लेकिन सही से पत्र भी नहीं लिख सकते!” आरजेडी ने लोगों से इन गलतियों को गिनाने को कहा और बीजेपी पर तंज कसा। दिलीप जायसवाल के इस्तीफे पर जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि यह बीजेपी का आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा, “बीजेपी पहले ही तय कर चुकी है कि एक व्यक्ति एक ही पद पर रहेगा, इसलिए यह एक सामान्य प्रक्रिया है। अब वह पार्टी के अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।”
[EMBED]
ये बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष है। अभी मंत्री भी थे। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री को दो लाइन का त्यागपत्र भी नहीं लिखना आता है। बिहार तक भी सही नहीं लिखा है जनाब ने? ये मेडिकल कॉलेज के मालिक भी है।
पत्र में अशुद्धियां गिनाइए। #Bihar pic.twitter.com/5u0Ff0NtjN
— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) February 26, 2025
कैबिनेट विस्तार पर नजरें टिकीं
बिहार में आज होने वाले कैबिनेट विस्तार में किन नए चेहरों को जगह मिलेगी, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि दिलीप जायसवाल के इस्तीफे के बाद उनकी जगह किसे मंत्री बनाया जाता है।




