नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के प्रचार पर विराम लग गया है। इसी बीच एनडीए सहयोगी और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर का बड़ा बयान सामने आया है। राजभर ने अपने बयान से चुनावी माहौल में नई हलचल मचा दी है।
ओम प्रकाश राजभर ने बिहार में हुई बंपर वोटिंग के बाद महागठबंधन की सरकार बनने की संभावना जताई है। उनका यह बयान मतदान से ठीक पहले एनडीए के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जिससे चुनावी समीकरणों पर असर पड़ सकता है।
बिहार चुनाव के बीच यूपी सरकार समर्थित सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) लगातार अपने ही सहयोगी गठबंधन के खिलाफ बयानबाजी कर रही है। अब पार्टी प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सरकार बनने का दावा कर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।
बिहार में RJD की सरकार बनने का दावा
ओम प्रकाश राजभर ने बिहार में बंपर वोटिंग के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की सरकार बनने की संभावना जताई है। उन्होंने कहा कि अगर मतदान 60 प्रतिशत से अधिक होता है, तो यह संकेत है कि महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है।
ओम प्रकाश राजभर ने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की दिल्ली से वृंदावन तक निकाली जा रही पदयात्रा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, “जब देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री सभी हिंदू हैं, तो फिर दिक्कत कैसी? आजकल साधु-संत नेतागीरी में आने के लिए नाटक कर रहे हैं।”
राजभर ने कहा कि “जब इन लोगों की चर्चा बढ़ेगी, तो ये बाद में किसी राजनीतिक दल में शामिल होकर चिन्मयानंद और साक्षी महाराज की तरह सांसद बन जाएंगे।” उनके इस बयान ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है और राजनीतिक बहस को नया मोड़ दे दिया है।
बिहार की 64 सीटों पर लड़ रही सुभासपा
बता दें कि, ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने बिहार चुनाव में अकेले दम पर 64 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। राजभर, उनके बेटे डॉ. अरविंद राजभर और अरुण राजभर ने एनडीए के खिलाफ कई चुनावी सभाएं की हैं। दूसरे चरण की 34 सीटों पर सुभासपा प्रत्याशी सीधे एनडीए से मुकाबले में हैं।
माना जा रहा है कि बिहार चुनाव में कई सीटों पर सुभासपा के उम्मीदवार एनडीए और महागठबंधन, दोनों के जीत-हार के समीकरण को प्रभावित कर सकते हैं। राज्य में दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर, मंगलवार को होगा, जबकि 14 नवंबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।




