नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, नेताओं का दल बदल भी शुरू हो गया है। शुक्रवार, 1 अगस्त 2025 को बिहार बीजेपी को एक बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश महामंत्री सुधीर कुमार शर्मा ने प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज जॉइन कर ली।
कई जिलों से दर्जनों कार्यकर्ता भी हुए शामिल
सुधीर शर्मा के साथ-साथ कई जिलों के दर्जनों कार्यकर्ता और स्थानीय नेता भी जन सुराज में शामिल हुए। इन्हें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय कुमार सिंह और पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने सदस्यता दिलाई।
PK का हमला: ‘अब लोग हमारे रंग की नकल कर रहे हैं’
सदस्यता कार्यक्रम में प्रशांत किशोर ने जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब दूसरे दल हमारे पार्टी रंग पीला की नकल कर रहे हैं। उन्होंने जेडीयू पर तंज कसते हुए कहा कि “नीतीश कुमार अब पीले रंग की बस से प्रचार करेंगे, इसका मतलब वह मान चुके हैं कि भविष्य जन सुराज का है। प्रशांत किशोर ने तेज प्रताप यादव पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप इन दिनों पीली टोपी पहन रहे हैं। लेकिन पीके ने कहा, “हर पीला रंग सोना नहीं होता। अब गांव-गांव में पीले रंग का मतलब जन सुराज पार्टी बन चुका है।
BJP नेताओं पर निशाना: ‘अब मंगल पांडेय और सम्राट की बारी’
प्रशांत किशोर ने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि “सनातन धर्म में घायल पर हमला नहीं होता, लेकिन हमने दिलीप पर दो आरोप लगाए और वो मूर्छित हो गए। अब वह जवाब नहीं दे पा रहे हैं। अगली बारी मंगल पांडेय और सम्राट चौधरी की है, सुधीर कुमार शर्मा जैसे बड़े नेता का जन सुराज में जाना, बिहार की राजनीति में बड़ा संकेत है। प्रशांत किशोर लगातार नीतीश कुमार, लालू परिवार और बीजेपी को घेर रहे हैं। अब देखना होगा कि आने वाले हफ्तों में और कौन-कौन नेता जन सुराज का दामन थामते हैं।





