नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव की वोट गिनती आज जारी है। राज्य की कई हाई-प्रोफाइल सीटों पर मुकाबला कड़ा देखा जा रहा है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक एनडीए बिहार में शानदार प्रदर्शन कर रहा है, जबकि जेडीयू और बीजेपी के खेमे में जश्न और उत्साह का माहौल है।
बिहार विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों के मुताबिक एनडीए की सरकार एक बार फिर मजबूत दिखाई दे रही है। वहीं, महागठबंधन के सभी दलों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है, जो चुनावी मुकाबले को रोमांचक बनाता दिख रहा है।
पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 110 सीटों पर चुनाव लड़ते हुए 19.46% वोटों के साथ 74 सीटें जीती थीं। वहीं, नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सहयोगी जेडीयू ने 122 सीटों पर लड़कर 15.39% वोट हासिल किए और 73 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
पिछली बार का कैसा प्रदर्शन
पिछले चुनाव में चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने एनडीए से अलग होकर 135 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सिर्फ एक सीट जीत पाई थी। लेकिन इस बार उनकी पार्टी का प्रदर्शन बेहद शानदार नजर आ रहा है।
LJP(R)ने पलटा पासा
2025 के रुझानों के मुताबिक एलजेपी 22 सीटों पर आगे चल रही है। इस बार एनडीए में सीट शेयरिंग के तहत बीजेपी और जेडीयू ने 101-101 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे, जबकि एलजेपी (पी) ने 29, एचएएम ने 6 और आरएलएम ने 6 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए।
क्या है अब तक का रुझान?
अब तक के रुझानों के मुताबिक, एनडीए में शामिल दलों में बीजेपी 85, जेडीयू 75, एलजेपी (आर) 22, हिन्दुतानी आवाम मार्च 4 और आरएलएम 2 सीटों पर आगे चल रही हैं। वहीं विपक्षी महागठबंधन में आरजेडी 36, कांग्रेस 6, वीआईपी 1 और लेफ्ट 8 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
इस चुनाव में महागठबंधन के तहत आरजेडी ने 143, कांग्रेस 60, सीपीआई माले 20, वीआईपी 11, सीपीआई 6 और सीपीएम 4 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। रुझानों से स्पष्ट है कि इस बार जनता ने विकास की गारंटी पर भरोसा जताया है।





