नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों ने राजनीतिक हलचल मचा दी है। एनडीए ने जबरदस्त जीत हासिल करते हुए सत्ता में वापसी की, लेकिन अब मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर उठ रहे सवालों ने स्थिति को और पेचीदा बना दिया है। पार्टी नेतृत्व के फैसले पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
नीतीश कुमार, जिन्होंने अब तक नौ बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है, बिहार में सत्ता के नए समीकरणों के बीच चर्चा का केंद्र बन गए हैं। चुनावी परिणामों के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री का चेहरा कोई और भी हो सकता है। इस बीच, जदयू नेता श्याम रजक ने मुख्यमंत्री पद को लेकर अहम बयान दिया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
श्याम रजक बोले- पूरा एनडीए एकजुट है
श्याम रजक ने बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर उठ रहे सवालों पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा, “पूरा एनडीए एकजुट है, पांडव एकजुट हैं। हमने नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा है और वही हमारे मुख्यमंत्री हैं, जो आगे भी बने रहेंगे।” रजक के इस बयान ने मुख्यमंत्री पद को लेकर उठ रहे अनिश्चितताओं के बीच स्थिति को स्पष्ट किया।
विनोद तावड़े के बयान ने मचा दी हलचल
दरअसल, भा.ज.पा. के महासचिव विनोद तावड़े ने एनडीए की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका निर्णय पांचों गठबंधन पार्टियां मिलकर करेंगी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एनडीए ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा है। तावड़े के इस बयान के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस पैदा हो गया है, जिससे राजनीति में अनिश्चितता का माहौल बन गया है।
नीतीश ने जनता को कहा धन्यवाद
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “राज्यवासियों ने भारी बहुमत से हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है, इसके लिए मैं सभी सम्मानित मतदाताओं को नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद करता हूं।” नीतीश कुमार ने जीत के बाद जनता के समर्थन को सराहा।





