नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों के ऐलान के बाद सियासी गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। पार्टियों के नेता लगातार बैठकों और जनसंपर्क में जुटे हैं। इस बीच, भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह ने बेगूसराय में बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह से मुलाकात की, जिससे चुनावी हलचल और बढ़ गई है।
बिहार चुनाव 2025 के बीच भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह ने सोशल मीडिया पर बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह संग मुलाकात की तस्वीर साझा कर चर्चा बढ़ा दी है। तस्वीर के बाद कई यूजर्स ने अक्षरा से पवन सिंह के खिलाफ चुनाव में उतरने की मांग की है, जिससे सियासी कयास तेज हो गए हैं।
बिहार के चुनावी मौसम में भोजपुरी सितारों और नेताओं की सियासी खिचड़ी पक रही है। पावरस्टार पवन सिंह के बाद अब भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह ने बेगूसराय से बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह से मुलाकात की। इससे पहले पवन सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।
मैथिली ठाकुर ने भी जताई चुनाव लड़ने की इच्छा
उधर, लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने भी बीजेपी से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। चुनावी सीजन में अक्षरा सिंह और गिरिराज सिंह की मुलाकात के बाद सियासी कयास तेज हो गए हैं। हालांकि, अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों के बीच मुलाकात के दौरान किन मुद्दों पर चर्चा हुई।
इस मुलाकात के बीच क्या हुई बातचीत?
अक्षरा सिंह ने गिरिराज सिंह से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर कर लिखा कि आज माननीय गिरिराज सिंह जी से शिष्टाचार मुलाकात और आशीर्वाद मिला। तस्वीर के बाद यूजर्स ने कई तरह के कयास लगाए और कुछ ने उनसे पवन सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ने की मांग भी की।
बिहार की राजनीति में हलचल तेज
अक्षरा सिंह के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बिहार की राजनीति में सस्पेंस बढ़ गया है। अभी स्पष्ट नहीं है कि ये मुलाकात सिर्फ शिष्टाचार थी या चुनावी मायने रखती है। कुछ ट्विटर यूजर्स का कहना है कि ऐसा लगता है कि पवन सिंह के खिलाफ उन्हें टिकट मिलने वाला है।
इससे पहले प्रशांत किशोर की कर चुकी हैं तारीफ
अक्षरा सिंह साल 2023 में अपने पिता के साथ प्रशांत किशोर के जनसुराज मंच पर नजर आई थीं और उन्होंने उनके काम की जमकर तारीफ की थी। इसके बाद यह चर्चा शुरू हुई कि वह राजनीतिक पार्टी जॉइन कर सकती हैं, लेकिन उन्होंने साफ कहा कि वह किसी पार्टी से नहीं जुड़ी हैं, केवल विचारधारा के कारण मंच से जुड़ी थीं।




