नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। इसमें पार्टी ने जनता को कई लुभावने वादे किए हैं। आप ने कहा है कि अगर उनकी सरकार बनी, तो बिहार में विकास और जनकल्याण के दिल्ली-पंजाब मॉडल को लागू किया जाएगा।
300 यूनिट फ्री बिजली और पुराने बिल माफ
पार्टी ने वादा किया है कि सरकार बनने पर हर घर को 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी। इसके साथ ही सभी पुराने बिजली बिल माफ किए जाएंगे। घोषणापत्र में कहा गया है कि राज्य में सोलर सब्सिडी योजना भी लागू की जाएगी, ताकि लोग अपने घरों और खेतों में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल कर सकें।
महिलाओं के लिए ‘मैया सम्मान योजना’
महिलाओं के लिए पार्टी ने ‘मैया सम्मान योजना’ की घोषणा की है, जिसके तहत हर महीने 3000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। 10 लाख तक का ब्याज-मुक्त लोन भी दिया जाएगा, ताकि महिलाएं रोजगार या छोटे व्यवसाय शुरू कर सकें।
शिक्षा और रोजगार पर जोर
आप ने शिक्षा और रोजगार के लिए बड़े वादे किए हैं। दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर हर पंचायत में आधुनिक स्कूल बनाए जाएंगे। स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक लैब्स और प्रशिक्षित शिक्षक की सुविधा होगी। SSC, UPSC, NEET, JEE जैसी परीक्षाओं की फ्री कोचिंग राज्य के युवाओं को दी जाएगी, ताकि उन्हें बाहर न जाना पड़े। घोषणापत्र में बेटियों के लिए बेटी प्रोत्साहन योजना भी शामिल है। 10वीं पास बेटियों को 1 लाख, 12वीं पास को 2 लाख, और ग्रेजुएशन पूरी करने पर 5 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
रसोइयों और सहायिकाओं का वेतन बढ़ाने का वादा
आप ने वादा किया है कि मिड-डे मील रसोइयों और सहायिकाओं का वेतन बढ़ाकर 12,000 प्रति माह किया जाएगा। साथ ही फ्री ट्रेनिंग और रोजगार के अवसर भी दिए जाएंगे। घोषणापत्र जारी करते हुए बिहार आप इकाई के नेताओं ने कहा कि पार्टी बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर फोकस करेगी। उन्होंने दावा किया कि “दिल्ली और पंजाब की तरह बिहार में भी ईमानदार राजनीति और जनता की सरकार बनेगी।





