नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ऐलान किया है कि AAP बिहार में बिना किसी गठबंधन के चुनाव लड़ेगी। पटना में उन्होंने कहा कि पार्टी अधिकतर सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
“चुनाव आयोग का तो मैं भुक्तभोगी हूं”
संजय सिंह ने कहा कि AAP ने देशभर में हमेशा बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे जनता से जुड़े मुद्दों पर चुनाव लड़ा है। “हम 12 सालों में एक राष्ट्रीय पार्टी बन गए हैं और बिहार में भी जनता के मुद्दों पर अकेले चुनाव लड़ेंगे, वोटर लिस्ट पुनर्निरक्षण पर संजय सिंह ने चुनाव आयोग पर सीधा हमला किया। उन्होंने कहा,“मैं खुद चुनाव आयोग का भुक्तभोगी हूं। दिल्ली चुनाव में जो कारनामा हुआ, वो सबने देखा। केजरीवाल जी को हराने की साजिश की गई, बीजेपी नेताओं के क्षेत्र में अवैध वोटिंग हुई और पैसे-कपड़े बांटे गए, लेकिन चुनाव आयोग चुप रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में इससे भी बुरा हाल होने वाला है। “यहां तो लोगों से मतदान का अधिकार ही छीना जा रहा है, और हम इसी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं।”
बिहार में हो रही हैं बड़ी सभाएं
संजय सिंह ने बताया कि पार्टी बिहार में जनसंपर्क बढ़ा रही है। उन्होंने कहा, “हमने पटना में एक बड़ा कार्यक्रम किया और अब किशनगंज में सभा करने जा रहा हूं। वहां के मतदाताओं से सीधी बातचीत करूंगा और उनकी समस्याएं सुनूंगा।
महागठबंधन और कांग्रेस पर भी तंज
सिर्फ बीजेपी ही नहीं, संजय सिंह ने महागठबंधन और कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा,“9 जुलाई के बिहार बंद में मैंने देखा कि कन्हैया कुमार जैसे नेता को काफिले की गाड़ी पर चढ़ने से रोक दिया गया। पप्पू यादव जैसे वरिष्ठ नेता को भी रोका गया। अगर अपने ही नेताओं के साथ ऐसा व्यवहार करेंगे तो महागठबंधन की स्थिति क्या होगी? संजय सिंह के बयानों से साफ है कि आम आदमी पार्टी बिहार में पूरी तरह एक्टिव हो चुकी है और वह बिना किसी सहयोगी के मैदान में उतरने को तैयार है। चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर और गठबंधनों पर तंज कसकर AAP ने संकेत दे दिया है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में वह न सिर्फ मुकाबले में रहेगी, बल्कि अपना प्रभाव भी छोड़ने की कोशिश करेगी।




