नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। रिएलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ में इस हफ्ते का वीकेंड का वार दर्शकों के लिए काफी चौंकाने वाला रहा। जहां घर में दो ग्रुप्स के बीच खींचतान पहले ही देखने को मिल रही थी, वहीं अब एक मजबूत कंटेस्टेंट का घर से बेघर होना, समीकरणों को पूरी तरह बदल सकता है। शनिवार को प्रसारित हुए एपिसोड में सलमान खान ने ऐलान किया कि, जीशान कादरी को इस हफ्ते सबसे कम वोट मिलने के चलते शो से बाहर कर दिया गया है। यह खबर सुनते ही घरवालों के चेहरों पर हैरानी साफ देखी गई। खासतौर पर वह ग्रुप, जिसमें जीशान, अमाल मलिक, शहबाज बादेशा, बसीर अली, नेहल चुड़ासामा, फरहाना भट्ट, नीलम गिरी और तान्या मित्तल शामिल हैं, अब कमजोर होता नजर आ रहा है।
इस हफ्ते मृदुल तिवारी, बसीर अली, अशनूर कौर, नीलम गिरी, प्रणीत मोरे और जीशान कादरी नॉमिनेशन की लिस्ट में थे। लेकिन एक बार फिर नीलम गिरी ने कम स्क्रीन टाइम के बावजूद खुद को बचा लिया। फैंस के बीच यह भी चर्चा है कि नीलम को लगातार कम वोट्स मिलने के बावजूद शो में बनाए रखना, कहीं न कहीं शो की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।
वाइल्डकार्ड मालती चाहर ने बदला खेल का रुख
वहीं, इस हफ्ते शो में मालती चाहर की वाइल्डकार्ड एंट्री ने घर का माहौल पूरी तरह से बदल दिया है। आते ही उन्होंने तान्या मित्तल की क्लास लगाई और फिर गौरव खन्ना, कुनिका सदानंद और नेहल चुड़ासामा से किचन में तीखी बहस छेड़ दी।
मालती की एंट्री के बाद शो में जहां गर्मागर्मी बढ़ी है, वहीं उन कंटेस्टेंट्स को भी अब स्क्रीन पर देखा जा रहा है, जो अब तक बैकफुट पर थे जैसे कि नीलम गिरी और प्रणीत मोरे।
घर में बनते-बिगड़ते रिश्ते
घर के भीतर लगातार बनते-बिगड़ते रिश्तों और बदलते समीकरणों के बीच फैंस को आने वाले एपिसोड्स में जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल सकता है। खासतौर पर जीशान की विदाई के बाद जिस तरह से ग्रुप्स में दरार आने के संकेत मिल रहे हैं, उससे साफ है कि अब दोस्त बनेंगे दुश्मन।





