नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बिग बॉस 19 का लेटेस्ट एपिसोड ड्रामा, माफी और गुस्से से भरपूर रहा। एपिसोड की शुरुआत अमाल मलिक द्वारा अवेज दरबार से माफी मांगने से हुई, जिसमें उन्होंने उनके ऊपर बेवफाई का आरोप लगाने को लेकर खेद जताया। अमाल ने कहा कि “अब तक जो हुआ, उसे पीछे छोड़ दें। मुझे, नगमा को और हमारे परिवारों को अगर मेरी बातों से ठेस पहुंची हो तो मैं दिल से माफ़ी चाहता हूँ।”
हालांकि, रात को हालात पलटे। अमाल ने नेहल चुडासमा से पूछा कि उन्होंने कॉमेडी टास्क में प्रतिद्वंदी टीम की सराहना क्यों की। नेहल ने कहा कि परिणाम सुनने के बाद उन्हें सहानुभूति महसूस हुई और घर में आते ही उन्होंने अवेज की टीम की तारीफ़ की क्योंकि उन्हें उसका चेहरा देखकर बुरा लगा। लेकिन यह बात अमाल को पसंद नहीं आई। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “अगर अवेज दरबार तुम लोगों के लिए हमसे ज्यादा अहम है, तो वही ठीक है। वो जितना भोला दिखता है, उतना है नहीं। अगर मैं उसके बारे में बोलना शुरू कर दूँ, तो रिश्ते और शादियां टूट जाएंगी।” इसके बाद अमाल ने अवेज और उसके साथियों को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। नेहल ने उन्हें टोका और कहा, “छी, अमाल! ये सब मत बोल।”
नेहल चुडासमा का इमोशनल ब्रेकडाउन
जहां एक ओर अमाल मलिक का गुस्सा दिखा, वहीं दूसरी ओर नेहल चुडासमा का भावनात्मक पक्ष सामने आया। अमाल के तीखे शब्दों के बाद नेहल अपने आंसू नहीं रोक पाईं और फरहाना के सामने फूट-फूटकर रो पड़ीं। भावुक होते हुए नेहल ने कहा कि “मैंने एक बार अवेज के लिए सहानुभूति जताई थी और उसे बुरा लग गया। लेकिन उसके लिए तो मैंने 50 बार ऐसा किया है, फिर भी उसने मेरे लिए कभी कुछ महसूस नहीं किया।
“अब थक चुकी हूँ, नहीं निभानी दोस्ती”
नेहल ने कहा कि अब थक चुकी हूँ, नहीं निभानी मुझसे ये दोस्ती। भाड़ में जाए ये सब। हर चीज में खुद को साबित करना पड़ता है। मैंने उसे न जाने कितनी बार अपनी वफादारी साबित की है। मेरी गलती थी कि मैंने गलत लोगों का साथ दिया। उस कमरे में बैठकर मैंने 10 बातें सुनी हैं, लेकिन कभी जाकर नेगेटिविटी नहीं फैलाई। सब कुछ खुद तक रखा।” नेहल की यह टूटन घर के माहौल को और भी तनावपूर्ण बना गई। अब देखना यह होगा कि क्या उनके रिश्ते फिर से सुधर पाएंगे या यह दरार और गहरी हो जाएगी।





