नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय और सभी क्षेत्रीय दलों ने जनता के सामने खुलकर अपने मुद्दे रखे। अब महाराष्ट्र की जनता 20 नवंबर 2024 को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अपने वोट से सभी पार्टियों के भाग्य का फैसला करेगी। चुनाव आयोग महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणाम 23 नवंबर 2024 को जारी कर देगा। वहीं इस चुनावी माहौल के बीच NCP नेता शरद पवार ने राजनीति से सन्यास लेने को लेकर बड़ा संकेत दे दिया है। उन्होंने कहा है कि अब नए लोगों को चुनकर आना चाहिए।
“अब मुझे कोई भी चुनाव नहीं लड़ना है”
बता दें कि हाल में ही अजित पवार कई बार शरद पवार के रिटायरमेंट को लेकर सवाल खड़े कर चुके हैं। शरद पवार 84 साल की उम्र में भी अभी तक राजनीति में काफी सक्रीय हैं। अब शरद पवार ने राजनीति से रिटायरमेंट के संकेत देते हुए कहा है कि कहीं तो रुकना ही पड़ेगा। शरद पवार ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा है कि अब मुझे कोई भी चुनाव नहीं लड़ना है। मुझे अब चुनाव को लेकर रुकना ही पड़ेगा और नए लोगों को चुनकर आगे आना चाहिए।
“अगर हमारे विचारों की सरकार बनी तो उसका पूरा साथ देंगे”
NCP के मुखिया और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि वह अभी तक 14 बार चुनाव लड़ चुके हैं। लेकिन अब वह बताना चाहते हैं कि अब वह सरकार का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अभी उनके राज्यसभा के कार्यकाल में अभी डेढ़ साल का समय बचा हुआ है। इसके बाद वह राज्यसभा जाएंगे या नहीं, इसपर उन्हें विचार करने की जरुरत है। इसके बाद उन्होंने कहा कि वह अब चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्हें अब MP या MLA नहीं बनना है। उन्होंने आगे कहा कि वह लोगों की सेवा करना चाहते हैं। अगर हमारे विचारों के अनुरुप सरकार आती है तो हम सरकार के साथ मजबूती के साथ खड़े होंगे।




