नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। महाराष्ट विधानसभा चुनाव (Maharashtra Assembly Elections 2024) को लेकर प्रचार अपने चरम पर है। सारी राजनैतिक पार्टियां अपने अपने राजनीतिक समीकरण साधने में लगे हुए हैं। इसी बीच MNS प्रमुख राज ठाकरे ने ऐसा बयान दे दिया है जिसके बाद सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। दरअसल, चुनाव प्रचार के दौरान राज ठाकरे ने मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर को लेकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आते ही सारी मस्जिदों से लाउडस्पीकर उतार दिए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधते हुए कहा है कि उन्होंने बाल ठाकरे के नाम के आगे से हिंदू ह्रदय सम्राट हटा दिया है।
हिंदुत्व के मुद्दे पर MVA को घेरा
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना सुप्रीमो राज ठाकरे (MNS Raj Thackeray) अमरावती में अपने उम्मीदवार के प्रचार के लिए पहुंचे थे। जहां उन्होंने हिंदुत्व के मुद्दे पर महाविकास अघाड़ी को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे (Shivsena UBT) ने स्वार्थ की वजह से बालासाहेब ठाकरे के नाम के आगे से हिंदू ह्रदय सम्राट हटा दिया है। इसके अलावा उन्होने यह भी कहा कि हिंदुओं में एकता नहीं है, यह एकता केवल दंगों के समय दिखाई देती है। उन्होंने शरद पवार पर भी जातिवाद फैलाने का आरोप लगाया। शरद पवार पर आरोप लगाते हुए बोले कि शरद पवार जातिवाद फैलाने वाले संत हैं।
सरकार में आते ही कर देंगे सब ठीक
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना चीफ राज ठाकरे ने सरकार आने पर मस्जिद पर लगे लाउडस्पीकर विवाद से लेकर हिंदुओं की एकता तक सारे मुद्दे हल करने की बात की है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस (NCP) तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। राज ठाकरे जनता को संबोधित करते हुए कहा कि एक बार मुझे सरकार में ले आओ मैं सब ठीक कर दूंगा।





