नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है राजनीतिक दलों के बीच हलचल भी बढ़ने लगी है। इस बीच NCP (SP) के प्रमुख शरद पवार ने सत्ता पक्ष पर जमकर हमला बोला है। पवार ने महायुति (BJP-शिवसेना गठबंधन) पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
महंगाई और महिलाओं के मुद्दे पर हमला
शरद पवार ने महंगाई और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार के बारे में बात की। उन्होंने लाडली बहन योजना पर निशाना साधते हुए कहा है कि यह योजना एक हाथ से देना और दूसरे हाथ से लेना जैसा है। महंगाई बढ़ गई है और जनता परेशान है लेकिन सत्ता पक्ष राजनीति के लिए ये सब कर रहा है। पवार ने यह भी कहा कि पिछले दो सालों में महाराष्ट्र में 63 हजार महिला अत्याचार के मामले दर्ज हुए हैं और हर घंटे में पांच महिलाएं हिंसा का शिकार हो रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र में किसान आत्महत्याओं की बढ़ती संख्या पर भी चिंता जताई।
पीएम मोदी पर साधा निशाना
शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में जब मोदी ने उनकी आलोचना की थी तो उनकी पार्टी को फायदा हुआ था इसलिए वह मोदी को निमंत्रण देते हैं कि वे महाराष्ट्र आएं और पवार पर टिप्पणी करें ताकि उनकी सीटों में बढ़ोतरी हो सके। पवार ने यह भी कहा कि मोदी शायद किसी सलाहकार के कहने पर उनके खिलाफ बयान नहीं दे रहे हैं।
देवेंद्र फडणवीस और अडानी के बारे में बयान
शरद पवार ने देवेंद्र फडणवीस के बयान पर भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि देवेंद्र फडणवीस क्यों ऐसा बोल रहे हैं लेकिन पवार को याद है कि 2014 में एक बैठक अडानी के घर हुई थी हालांकि अडानी उस बैठक में मौजूद नहीं थे। पवार ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने बीजेपी को बिना मांगे समर्थन नहीं दिया था बल्कि शिवसेना को बीजेपी से अलग करने के लिए यह कदम उठाया था।
सुप्रिया सुले और मुख्यमंत्री पद
क्या सुप्रिया सुले मुख्यमंत्री बनेंगी या नहीं? इसपर शरद पवार ने कहा कि सुप्रिया सुले को मुख्यमंत्री बनाने का कोई इरादा नहीं है। वह संसद में अपनी भूमिका निभाना चाहती हैं और लोकसभा में चर्चाओं में भाग लेना पसंद करती हैं। पवार ने स्पष्ट किया कि सुप्रिया का राजनीति में कभी मुख्यमंत्री बनने का इरादा नहीं था। वह देश की सबसे अच्छी सांसदों में से एक है। लोकसभा में अगर किसी कानून या बिल पर चर्चा होती है तो उन्हें इसमें भाग लेना अच्छा लगता है।





