नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन ने अपने सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे की घोषणा कर दी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा(JMM) कुल 43 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा विधानसभा के पहले चरण के चुनाव में अपने 23 उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारेगा और दूसरे चरण के चुनाव में 20 उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारेगा।
इंडिया गठबंधन बाबूलाल मरांडी के खिलाफ उतारेगा 2 उम्मीदवार
वहीं CPI(ML) के हिस्से में 3 विधानसभा की सीटें आई हैं। लेकिन धनवार विधानसभा सीट में बीजेपी के उम्मीदवार बाबूलाल मरांडी के खिलाफ CPI(ML)और JMM दोनों अपने अपने उम्मीदवार को चुनावी मैदान में उतारेंगे। इससे धनवार विधानसभा सीट पर होने वाला मुकाबला बहुत ही सुर्खियों में आ गया है। वहीं RJD 6 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
JMM के बाद सबसे ज्यादा सीटें कांग्रेस के हिस्से में आई हैं
इंडिया गठबंधन में JMM के बाद सबसे ज्यादा सीटें कांग्रेस के हिस्से में आई हैं। कांग्रेस झारखंड विधानसभा चुनाव में 30 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को उतारेगी। बता दें कि झारखंड में मंगलवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख थी। झारखंड में 38 विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण में होने वाले चुनाव के लिए मंगलवार को 297 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। नामांकन पत्रों की जांच 30 अक्टूबर 2024 को पूरी हो गई थी और उम्मीदवारों को नाम वापसी लेने लिए 1 नवंबर 2024 तक का समय दिया गया था।
हेमंत सोरेन के खिलाफ बीजेपी उम्मीदवार गमलीएल हेम्ब्रम
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, बीजेपी उम्मीदवार गमलीएल हेम्ब्रम ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ बरहेट विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल कर लिया था। नामांकन दाखिल करने के बाद गमलीएल हेम्ब्रम ने कहा था कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ चुनाव लड़ना एक बड़ी चुनौती है। लेकिन बरहेट विधानसभा की जनता ने इस चुनौती को स्वीकार करने का फैसला कर लिया है। गमलीएल हेम्ब्रम ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि बरहेट विधानसभा क्षेत्र के लोग अभी भी सड़क और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए बड़ा संघर्ष कर रहे हैं।




