Amit Shah
Amit Shah Social Media
news

RJ Election: सोनिया राहुल को, गहलोत वैभव को लांच..., मोदी ने चन्द्रयान लांच कर चांद पर फहराया तिरंगा- अमित शाह

जयपुर/ नागौर, हि.स.। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राजस्थान की चुनावी जनसभाओं में कहा कि दिल्ली में सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी, राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने बेटे वैभव गहलोत को लॉन्च करने की कोशिश में ही लगे रहे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चन्द्रयान लाॅन्च कर तिरंगे को चांद पर फहरा दिया है।

लाल रंग देखकर ही गहलोत साहब भड़क जाते हैं

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राजस्थान के नावां, मकराना, बिदियाद, परबतसर में जनसभाओं को संबोधित किया। शाह ने कांग्रेस शासन के दौरान किए गए भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति की पोल खोली। उन्होंने राजस्थान की गहलोत सरकार के भ्रष्टाचार पर कहा कि राजस्थान की भूमि सालों से सम्मान और गौरव की रही है, जहां लोगों ने मुगलों की आंधी का भी डटकर सामना किया था, लेकिन पिछले 5 सालों में अशोक गहलोत सरकार ने वीरभूमि को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

यह राजस्थान की सबसे भ्रष्ट सरकार रही है और अब तो हालात ऐसे हैं कि लाल रंग देखकर ही गहलोत साहब भड़क जाते हैं, चाहे कुछ भी लाल हो गहलोत को हर जगह लाल डायरी नजर आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि खनन विभाग में 66 हजार करोड़ का घोटाला हुआ, उदयसागर झील में 2 हजार करोड़ का घोटाला और सचिवालय में 2 किलो सोना मिला, लेकिन अशोक गहलोत की नींद नहीं उड़ी।

अशोक गहलोत जादूगर

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अशोक गहलोत को जादूगर कहा जाता है और वे ऐसे जादूगर है जिन्होंने राजस्थान से पांच साल में जादू से बिजली, स्वास्थ्य, पानी, रोजगार और कानून व्यवस्था को गुम कर दिया है। उनके जादू से सिर्फ कुशासन ही निकला है। तुष्टीकरण में तो इस कांग्रेस सरकार ने सारी सीमाएं लांघ दी, जिसके कारण उदयपुर में दिनदहाड़े कन्हैया लाल तेली का सिर काटा गया। रामनवमी पर जुलूस को बैन कर दिया, लेकिन पीएफआई से कोटा में रैली करवाई।

गहलोत के शासन में डूंगरपुर में हिंसा, बारां में हिंसा, झालावाड़ में दंगे, करौली में दंगे, जोधपुर में दंगे, भीलवाड़ा, करौली, चित्तौड़गढ़, मेवाड़, धौलपुर और जयपुर में तो हालात बहुत ही विकट रहे हैं। अब समय आ गया है राजस्थान की जनता को इस बार तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली सरकार को उखाड़ फेंकना है।

राजस्थान में भाजपा का मतलब सुशासन

अमित शाह ने कहा कि राजस्थान में भाजपा का मतलब सुशासन है। यहां कानून व्यवस्था हो, पानी, बिजली, चिकित्सा, शिक्षा सब भाजपा सरकार ही दे सकती है। उन्होंने लोगों से आहृवान किया कि इस बार भाजपा की सरकार बनाएं, हम ऐसी व्यवस्था करेंगे, जिससे पेपर लीक ना हो।

सेना को सबसे ज्यादा जवान राजस्थान ने दिए

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि सेना को सबसे ज्यादा जवान राजस्थान ने दिए है। सैनिकों के सम्मान में हमने वन रैंक वन पेंशन की उनकी मांग पूरी की। मोदी सरकार ने पिछले 10 साल में 8 लाख 71 हजार करोड़ रुपये राजस्थान को दिए। यहां नेशनल हाईवे, एयरपोर्ट, रिफाइनरी, रेलवे के लिए 6 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट दिए है। केन्द्र ने पिछले 10 साल में राजस्थान के 80 लाख किसानों को बैंक खाते में पैसे भेजा, 86 लाख घरों में शौचालय बनाकर माता-बहनों को सम्मान दिया। 5 किलो मुफ्त अनाज गरीबों को देना शुरू किया और अब यह योजना अगले पांच सालों तक जारी रहेगी। अमित शाह ने कहा कि राजस्थान में जहां हाथ रखो वहीं घोटाला सामने आ रहा है।

जल जीवन मिशन

राजस्थान में सबसे बड़ी समस्या गांव ढाणी के अंदर पीने का पानी की है। प्रधानमंत्री मोदी ने समग्र देश के लिए हर व्यक्ति के घर में हर गरीब के घर में नल से जल पहुंचाने का काम किया लेकिन यहां पर जल जीवन मिशन पर 20 हजार करोड रुपये का घोटाला हो गया। इस बार डबल इंजन की सरकार बनाओ हर घर में पानी पहुंचाने का काम किया जाएगा।

गृहमंत्री की अपील

गृहमंत्री ने जनसभाओं में भाजपा प्रत्याशियों को वोट देकर जिताने की अपील की। इस दौरान उनके साथ अलग अलग सभाओं में भाजपा प्रत्याशी सुमिता भींचर, मानसिंह किनसरिया और विजय सिंह चौधरी मौजूद रहे। इन जनसभाओं को अन्य भाजपा नेताओं ने भी संबोधित किया।

भाजपा के पदाधिकारी रहे मौजूद

इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सीआर चौधरी, प्रदेश महामंत्री जगबीर छाबा, प्रदेश प्रवक्ता अशोक सैनी, जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ओडिंट, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनिता रांदड, पूर्व विधायक श्रीराम भींचर, चुनाव संभाग प्रभारी महेंद्र सिंह, हरिराम रिणवां, हरियाणा विधायक लक्ष्मण यादव, जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी सहित मंडल अध्यक्ष एवं सरपंच और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in