Mayawati 
Lok Sabha Election
Mayawati Lok Sabha Election Raftaar.in
उत्तर-प्रदेश

Lok Sabha Election: गठबंधन की अटकलों को मायावती ने दिखाई लाल झंडी, अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बसपा सुप्रीमो मायावती ने लोकसभा चुनाव 2024 में अकेले दम पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। मायावती ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की अफवाहों पर विराम लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी, उनके फैसले से विरोधी दल बेचैन हैं। बसपा ने चुनाव की रणनीति बनाना शुरु कर दी है।

अकेले चुनाव लड़ेगी बसपा

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "X" पर चुनाव अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने लिखा कि "बीएसपी देश में लोकसभा का आमचुनाव अकेले अपने बलबूते पर पूरी तैयारी व दमदारी के साथ लड़ रही है। ऐसे में चुनावी गठबंधन या तीसरा मोर्चा आदि बनाने की अफवाह फैलाना यह घोर फेक व गलत न्यूज़। मीडिया ऐसी शरारतपूर्ण खबरें देकर अपनी विश्वसनीयता न खोए। लोग भी सावधान रहें।"

इसके बाद उन्होंने लिखा- "ख़ासकर यूपी में बीएसपी की काफी मज़बूती के साथ अकेले चुनाव लड़ने के कारण विरोधी लोग काफी बैचेन लगते हैं। इसीलिए ये आए दिन किस्म-किस्म की अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास करते रहते हैं। किन्तु बहुजन समाज के हित में बीएसपी का अकेले चुनाव लड़ने का फैसला अटल।"

अकेले चुनाव लड़ने का पहले भी मायावती दे चुकी संकेत

इससे पहले भी उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने जन्मदिन पर अकेले चुनाव लड़ने का संकेत दिया था। इस दौरान उन्होंने अपने पिछले गठबंधनों का जिक्र करते हुए कहा कि गठबंधन से बसपा को हमेशा नुकसान हुआ है और दूसरी पार्टियों को फायदा हुआ है। मायावती ने आगे ये भी कहा था कि हम चुनाव अकेले लड़ेंगे और बेहतर रिजल्ट लाएंगे।

कांग्रेस के साथ गठबंधन की अटकलों पर लगा विराम

बसपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चाओं पर मायावती ने आज विराम लगा दिया। अब देखना ये है कि बसपा आमचुनावों में कितना जलवा बिखेरती है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। दोनों दल इंडिया गठबंधन का हिस्सा है।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in