Madhya Pradesh election
Madhya Pradesh election 
मध्य-प्रदेश

Madhya Pradesh News: भाजपा विधायक दल की बैठक जारी, जल्द हो सकता है मुख्यमंत्री को लेकर संशय समाप्त

भोपाल, (हि.स.)। मध्य प्रदेश में नए मुख्यमंत्री को लेकर पिछले एक सप्ताह से जारी संशय आज विधायक दल की बैठक में समाप्त हो सकता है। आज शाम से पार्टी के प्रदेश कार्यालय में नव निर्वाचित भाजपा विधायक दल की बैठक हो रही है। जिसमें भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक मौजूद है। बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव हो सकता है, और वहीं प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री होगा।

पर्यवेक्षक के उपस्थिति हो रहीं बैठक

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने बताया कि भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण और पार्टी की राष्ट्रीय सचिव आशा लाकड़ा की उपस्थिति में हो रहीं है। तीनों पर्यवेक्षक सोमवार सुबह भोपाल पहुंच चुके हैं। भाजपा से नव निर्वाचित सभी 163 विधायकों को बैठक में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। इसमें अधिकतर विधायक भोपाल पहुंच चुके हैं।

तीन दिसंबर को नतीजे हुए थे घोषित

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजे तीन दिसंबर को घोषित हुए थे, जिसमें भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल किया था। प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 116 है और भाजपा ने 163 सीटें जीती हैं। वहीं, कांग्रेस को 66 सीटें मिली हैं और एक सीट भारत आदिवासी पार्टी के खाते में गई है।

इस बार भाजपा ने मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया

मध्य प्रदेश वर्ष 2008 से लेकर 2018 तक के सभी चुनाव में भाजपा शिवराज सिंह चौहान को भावी मुख्यमंत्री के रूप में पेश कर चुनाव लड़ रही थी, लेकिन इस बार भाजपा ने मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया, इसलिए प्रदेश में भाजपा को बहुमत मिलने के बाद से ही मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया था। इस बार प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के अलावा पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल व नरेन्द्र सिंह तोमर, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल हैं।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in