शिमला

Parmar jayanti: डॉ. यशवंत सिंह परमार को भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर दी श्रद्धांजलि

शिमला, हि.स.। हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री और हिमाचल निर्माता डॉक्टर यशवंत सिंह परमार की 117वीं जयंती पर शुक्रवार को शिमला के रिज मैदान स्थित डॉक्टर परमार की प्रतिमा पर सतापक्ष कांग्रेस और विपक्ष भाजपा के नेताओं ने एक साथ श्रद्धा सुमन अर्पित किए। साथ ही हिमाचल निर्माण में यशवंत सिंह परमार के योगदान को याद किया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान, रोहित ठाकुर एवं विक्रमादित्य सिंह और सीपीएस मोहनलाल, मेयर सुरेंद्र चौहान मौजूद रहे और विपक्ष से विधायक बलवीर वर्मा, रीना कश्यप ने भी डॉ. परमार को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

विधानसभा परिसर में आयोजित हुआ कार्यक्रम

बाद में विधानसभा परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में डॉक्टर परमार को याद किया गया। डॉक्टर यशवंत सिंह परमार के योगदान को याद करते हुए विधानसभा अध्यक्ष पठानिया ने कहा कि हिमाचल के निर्माण में डॉक्टर परमार का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रदेश के आज के स्वरूप की आधारशिला उन्होंने रखें और हिमाचल को राज्य बनाने से लेकर पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने तक हर क्षेत्र में डॉ. परमार ने अपना योगदान दिया।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने किया याद

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने डॉ यशवंत सिंह परमार के योगदान को याद करते हुए कहा कि जब हिमाचल के राज्य बनने की संभावनाएं कम थी ऐसे समय में डॉक्टर परमार ने आगे आकर हिमाचल के राज्य बनने को मूर्त रूप देने के लिए प्रयास किए। उस समय प्रदेश की आर्थिकी बहुत कमजोर थी ऐसे में हिमाचल की वन संपदा को कैसे प्रदेश की ताकत बनाया जाए और हिमाचल वासियों के पीठ के बोझ को किस तरह कम किया जाए डॉ. परमार ने इस दिशा में काम किया और यही आज हम सबका भी दायित्व है।