Sexual Exploitation
Sexual Exploitation Raftaar.in
हिसार

Haryana: दुष्कर्म मामले में समझौता करवाने के नाम पर डेढ़ लाख लेते धरा गया BJP नेता, सभी आरोपी गिरफ्तार

हिसार, हि.स.। हांसी शहर पुलिस ने हरियाणवी कलाकार नवीन नारू के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म मामले में समझौता कराने के नाम पर डेढ़ लाख रुपए लेते हुए भाजपा नेता कपिल शर्मा व उसके साथी सतपाल को बुधवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रुपये लेते हुए दोनों को पकड़ा। हांसी शहर पुलिस ने समझौता करवाने के नाम पर रुपए लेते पकड़े गए कपिल शर्मा व सतपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने शुरु की मामले की जांच

जानकारी के अनुसार हांसी शहर थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि नवीन नारू के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म मामले में कुछ लोग उस पर समझौता करवाने के लिए रुपए देने का दबाव बना रहे हैं। सूचना के आधार शहर थाना प्रभारी द्वारा एक टीम का गठन किया गया और पुलिस टीम ने न्यू सुभाष नगर निवासी कपिल शर्मा व रामसिंह कालोनी निवासी सतपाल को कोर्ट परिसर में समझौते के नाम पर डेढ़ लाख रुपए लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नवीन नारू पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला का इस समझौते में कोई कनेक्शन है या नहीं।

नवंबर में हुआ था नवीन नारू पर मामला दर्ज

हांसी शहर में रहने वाली एक महिला ने पिछले वर्ष 16 नवंबर को महिला थाना में शिकायत देकर हरियाणवी कलाकार नवीन नारू के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने कहा था कि वह एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापिका है और 3 वर्ष पहले हरियाणवी कलाकार नवीन नारू के संपर्क में आई थी। नारू ने उसे हरियाणवी हिरोइन बनाने की बात कहकर उससे दोस्ती कर ली और एक दिन नवीन नारु ने उसे अपने घर बुला कर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और उसके बेसुध होने पर उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। यही नहीं, नवीन ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करते हुए 3 वर्षों तक उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in