Enforcement Directorate
Enforcement Directorate  Raftaar.in
नई-दिल्ली

ED Raid: नौकरी घोटाले में ED का बड़ा ऐक्शन, TMC नेता सुजीत बोस के दो ठिकाने पर की छापेमारी

कोलकाता, हि.स.। नगरपालिका भर्ती भ्रष्टाचार मामले की जांच के सिलसिले में ईडी ने बंगाल के अग्निशमन मंत्री सुजीत बोस के दो ठिकाने पर छापा मारा है। केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने सुबह करीब 7 बजे लेकटाउन में मंत्री के दो घरों पर छापेमारी की। केंद्रीय बलों ने मंत्री के घर को बाहर से घेर लिया था। पुलिस भी सुजीत के घर के पास पहुंची थी।

ED ने TMC के अन्य नेताओं के घर पर की छापेमारी

इसके अलावा ईडी शुक्रवार सुबह नगर पालिका में भर्ती भ्रष्टाचार मामले में दो अन्य स्थानों पर भी छापेमारी कर रही है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने तृणमूल विधायक तापस रॉय और उत्तरी दमदम नगर पालिका के वार्ड नंबर 19 के तृणमूल पार्षद सुबोध चक्रवर्ती के घर पर छापेमारी की। तापस बराहनगर से तृणमूल विधायक हैं। ईडी ने उनके बाउबाजार स्थित घर पर छापेमारी की है।

सुबोध के घर के आसपास केंद्रीय बल की हुई तैनाती

वहीं, सुबोध उत्तरी दमदम नगर पालिका के वार्ड नंबर 19 के पार्षद हैं। इससे पहले सुबोध उत्तरी दमदम नगर पालिका के अध्यक्ष भी थे। ईडी अधिकारियों की एक टीम शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे विराटी के खलिसाकोटा गांव स्थित उनके घर पहुंची। सुबोध के घर के आसपास केंद्रीय बल भी तैनात हैं।

CBI ने भी भेजा था तलब

सुजीत को पहले पालिका भर्ती भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के सिलसिले में एक अन्य केंद्रीय जांच एजेंसी, सीबीआई द्वारा तलब किया गया था। पिछले साल 31 अगस्त को सीबीआई जांचकर्ताओं ने उन्हें तलब किया था। सूत्रों के मुताबिक, सार्वजनिक रोजगार में भ्रष्टाचार की जांच के दौरान कई जगहों पर तलाशी लेने पर कई दस्तावेज बरामद किये गये। जांच एजेंसी के मुताबिक, उसी दस्तावेज के आधार पर ईडी ने सुजीत के घर पर छापेमारी की है। 2016 में सुजीत दक्षिण दम दम नगर पालिका के उप प्रमुख थे।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in