शेयर बाजार की ओपनिंग।
शेयर बाजार की ओपनिंग।  रफ्तार।
बाज़ार

रिकॉर्ड हाई पर खुला Share Market, Sensex-Nifty ने बनाए ऑलटाइम हाई लेवल

नई दिल्ली, रफ्तार। घरेलू शेयर बाजार आज नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर खुला है। सेंसेक्स और निफ्टी ने ऐतिहासिक शिखर छू लिया। महज 10 दिनों में सेंसेक्स-निफ्टी ने तीसरी बार ऑलटाइम हाई का नया लेवल बनाया है। बैंक निफ्टी ने 48,000 का लेवल छू लिया है। मिडकैप इंडेक्स पहली बार 50,000 के पार निकला है। बैंक निफ्टी के साथ मेटल स्टॉक्स में भी जबरदस्त तेजी है।

कैसी रही बाजार की शुरुआत?

बीएसई का सेंसेक्स रिकॉर्ड 537 अंकों की ऊंचाई के साथ 74,413.82 पर खुला है। यह इसका ऐतिहासिक हाई लेवल है। एनएसई का निफ्टी 157.45 अंकों की शानदार बढ़त के साथ 22,592.10 पर खुला है।

सेंसेक्स-निफ्टी में चौतरफा तेजी

सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। सिर्फ 2 शेयरों में गिरावट बनी थी। एनएसई निफ्टी के 50 में से 45 शेयर बढ़त के साथ ट्रेड कर रहे थे। 5 शेयर ही सिर्फ गिरावट के दायरे में दिख रहे थे।

इन शेयरों का जलवा

बैंकिंग और मेटल्स शेयरों के सपोर्ट से आज बाजार में तेजी है। बैंक निफ्टी ने बाजार खुलने के साथ 48,254.65 का हाई बनाया। यह अपने ऑलटाइम हाई 48,636.45 के बेहद पास आ चुका है।

मार्केट कैप 400 लाख करोड़ के करीब

बीएसई पर बाजार का मार्केट कैप 399.99 लाख करोड़ रुपये हो चुका है। यह 400 लाख करोड़ रुपये के एमकैप के मुहाने पर है। यह शेयर बाजार के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।

इन शेयरों में उछाल

बीएसई सेंसेक्स पर एचडीएफसी बैंक 2.25 फीसदी ऊपर चढ़ा है। एनटीपीसी 1.28 फीसदी और एक्सिस बैंक 0.89 फीसदी ऊपर हैं। पावरग्रिड 0.73 फीसदी और कोटक महिंद्रा बैंक 0.65 फीसदी की बढ़त पर हैं। टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, टाइटन, टीसीएस के शेयर भी ऊपर हैं। अल्ट्राटेक सीमेंट, जेएसडब्ल्यू स्टील, नेस्ले, इंफोसिस, एशियन पेंट्स, एमएंडएम, एचयूएल, एलएंडटी के शेयर में भी जोरदार उछाल है।

निफ्टी में बैंकिंग शेयरों का कब्जा

निफ्टी के टॉप गेनरों में पांचों शेयर बैंकिंग सेक्टर से हैं। इनमें एचडीएफसी बैंक 2.84 फीसदी ऊपर है। एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक 2.52 फीसदी चढ़ा है। बंधन बैंक, एक्सिस बैंक और फेडरल बैंक सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर हैं।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in