गैस सिलेंडर।
गैस सिलेंडर। रफ्तार।
Budget 2024

Budget 2024: बजट से पहले बढ़ी महंगाई, गैस सिलेंडर का बढ़ा दाम, 3 साल में 50 बार बदली कीमत

नई दिल्ली, रफ्तार। आज सुबह 11 बजे से अंतरिम बजट 2024 पेश किया जाएगा। इससे पहले ही आम लोगों को महंगाई का झटका लगा है। आज से कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ गई है। हालांकि घरेलू सिलेंडर के दाम में बदलाव नहीं हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 14 रुपए बढ़ाए गए हैं। ठंड के मौसम में बढ़ती डिमांड और इंटरनेशनल मार्केट में दामों को देखते हुए यह वृद्धि की गई है। पिछले महीने भी तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर का दाम 1.50 रुपए बढ़ाए थे।

किस शहर में क्या दाम

कमर्शियल सिलेंडर के दाम 14 रुपए बढ़ने के बाद आज से दिल्ली में कीमत 1755.50 रुपए की जगह 1769.50 रुपए में मिलेगा। मुंबई में 1708.50 रुपए की जगह 1723.50 रुपए, कोलकाता में 1869 की जगह 1887 रुपए और चेन्नई में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 1924.50 रुपए की जगह 1937 रुपए में मिलेगा।

घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम

घरेलू गैंस सिलेंडर के दाम दिल्ली में 903 रुपए, मुंबई में 902.50 रुपए, कोलकाता में 929 रुपए और मद्रास में 918.50 रुपए है। घरेलू सिलेंडर की कीमतें 30 अगस्त 2023 को बदली थीं। उस वक्त दाम 200 रुपए घटाए गए थे। मार्च 2023 में घरेलू गैस सिलेंडर दिल्ली में 1103 रुपए में मिलता था।

लगभग हर महीने बदले हैं दाम

रिपोर्ट्स के अनुसार 3 साल में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम हर महीने बदले हैं। 50 बार रेट में बदलाव हुए हैं। जनवरी 2021 में कॉमर्शियल सिलेंडर दिल्ली में 1349 रुपए में मिलता था। घरेलू सिलेंडर के दाम 3 साल में 17 बार बदले गए।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in