Shivraj Singh Chauhan
Shivraj Singh Chauhan raftaar.in
लोकसभा चुनाव 2024

शिवराज सिंह चौहान की संपत्ति में पांच महीने में ही लाखों रूपये की बढ़ोतरी, क्या कहता है उनका चुनावी हलफनामा?

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान अपने कार्यकाल के दौरान किये गए बेहतरीन कार्यों की वजह से मध्य प्रदेश की जनता के बीच में काफी लोकप्रिय हैं। भाजपा ने उन्हें इस बार विदिशा लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। शिवराज सिंह चौहान इस लोकसभा सीट से पूर्व में 5 बार सांसद बन चुके हैं। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 19 अप्रैल 2024 को इस सीट से लोकसभा चुनाव 2024 के लिए नामांकन कर लिया है। उनके चुनावी हलफनामे में दिय गए संपत्ति के ब्योरे के अनुसार पांच महीने में ही उनकी संपत्ति में 21 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

शिवराज सिंह चौहान की संपत्ति में पांच महीने में 21 लाख रूपए की बढ़ोतरी

शिवराज सिंह चौहान के चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके पास एक भी कार नहीं है। उन्होंने अपने पास एक रिवॉल्वर रखी हुई है। उनके ऊपर किसी भी बैंक का कर्ज भी नहीं है। वहीं शिवराज सिंह चौहान की संपत्ति में पांच महीने में 21 लाख रूपए की बढ़ोतरी का खुलासा हुआ है। उनके द्वारा बुधनी विधानसभा सीट के लिए नामांकन किये गए हलफनामे और इस बार विदिशा लोकसभा सीट के लिए दाखिल किये गए हलफनामे की तुलना से पांच महीने में 21 लाख रूपए की बढ़ोतरी का खुलासा हुआ है। बुधनी विधानसभा सीट के लिए नामांकन के समय उनकी कुल चल और अचल संपत्ति 3 करोड़ 21 लाख रुपये थी और इस बार विदिशा लोकसभा सीट के लिए दाखिल किये गए हलफनामे में कुल संपत्ति 3 करोड़ 42 लाख रुपये है।

साधना सिंह पर 64 लाख रुपये का कर्ज भी है

वहीं शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह के पास 1 करोड़ 17 लाख रुपये की चल संपत्ति और 4 करोड़ 39 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। उनकी संपत्ति में भी 15 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई है। साधना सिंह पर 64 लाख रुपये का कर्ज भी है। शिवराज सिंह चौहान के पास जहां 96 तोला सोने के जेवरात हैं। वहीं उनकी पत्नी साधना सिंह के पास 535 ग्राम सोने के जेवरात हैं। पत्नी साधना सिंह के पास एक एंबेसडर कार भी है। शिवराज सिंह चौहान के पास एक रिवॉल्वर भी है।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in