Rahul Gandhi and Akhilesh Yadav
Rahul Gandhi and Akhilesh Yadav raftaar.in
लोकसभा चुनाव 2024

राहुल गांधी और अखिलेश 7 साल बाद एक मंच पर आए; बोले-यह विचारधारा की लड़ाई का चुनाव, भाजपा पर की सवालों की बौछार

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मीडिया के साथ 17 अप्रैल 2024 को प्रेस कांफ्रेंस की। राहुल गांधी और अखिलेश 7 साल बाद एक मंच पर आए। कांग्रेस और सपा की गाजियाबाद की प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और बागपत के इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी पंडित अमरपाल शर्मा, सपा के पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर भी मौजूद थे।

भाजपा भ्रष्टाचारियों का गोदाम बन गयी है

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने गाजियाबाद की प्रेस कांफ्रेंस की शुरुआत सबको रामनवमी की शुभकामनाएं देकर की। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि वे कांग्रेस के साथ मिलकर यह प्रेस कांफ्रेंस कर रहे हैं। अखिलेश यादव भाजपा पर गरजते हुए बोले उतर प्रदेश में भाजपा का गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर तक सफाया होने जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के सारे वादे झूठे निकले। न किसान की आय दोगुनी हुई, न युवाओं को रोजगार मिला, विकास के वादे भी अधूरे हैं। चुनावी बांड ने तो बीजेपी की पोल खोल कर रख दी है। भाजपा भ्रष्टाचारियों को अपनी पार्टी में भर रही है और भ्रष्टाचारियों द्वारा कमाया धन अपने पास रख रही है। भाजपा भ्रष्टाचारियों का गोदाम बन गयी है।

भाजपा ध्यान भटकाने का कार्य कर रही है: राहुल गांधी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने गाजियाबाद की प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि यह चुनाव विचारधारा का चुनाव है। जहां भाजपा और आरएसएस मिलकर संविधान और लोकतंत्र को खत्म कर रही है। वहीं इंडिया गठबंधन और कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र को बचाने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि इस चुनाव में 2-3 बड़े मुद्दे है। सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी है और महंगाई दूसरा बड़ा मुद्दा है। लेकिन भाजपा ध्यान भटकाने का कार्य कर रही है। राहुल गांधी ने कहा कि न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न ही भाजपा मुद्दों की बात करती है। राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी का इलेक्टोरल बांड पर एएनआई को दिए इंटरव्यू पर भी सवाल उठाये। उन्होंने इस इंटरव्यू को स्क्रिप्टेड बता डाला।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in